पीडीडीयू नगर। जल निगम के प्रयोगशाला सहायक विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि सभी अपने घरों के आसपास सोख्ता गड्ढा जरूर खोदवाएं ताकि वर्षा का जल भूगर्भ तक पहुंचे। ऐसा न करने पर वर्षा का जल व्यर्थ नाली में बहकर बर्बाद हो जाता है। वे ‘कैच द रैन’ के तहत दुलहीपुर के बीपी हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित गोष्ठी में बृहस्पतिवार को बोल रहे थे। कहा कि सभी को आने वाली पीढ़ी के लिए जल बचाना आवश्यक है।
शासन की ओर से 17 सितंबर से दो अक्टूबर तक चल रहे सेवा पखवारा के तहत बृहस्पतिवार को जल निगम (ग्रामीण) की ओर से दुलहीपुर स्थित बीपी हायर सेकेंडरी स्कूल में ‘कैच द रैन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान स्कूल के छात्र-छात्राओं ने रैली निकाल लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया। स्कूल के प्रधानाचार्य किशोर कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली के वापस स्कूल में आने पर आयोजित गोष्ठी में प्रधानाचार्य ने कहा कि सभी को जल संरक्षण व उसके प्रबंधन के क्षेत्र में आगे आना होगा। जल से ही पेड़-पौधे पनपते हैं जो जीवन के लिए आवश्यक ऑक्सीजन उपलब्ध कराते हैं। सभी को पौधे लगाकर उनका संरक्षण भी करना चाहिए।