पीडीडीयू नगर। पं. दीनदयाल उपाध्याय रेल मंडल के गया रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को विश्व स्तरीय एअरपोर्ट जैसी सुविधाएं मिलेंगी। 173 करोड़ की लागत से गया को वर्ल्ड क्लास रेलवे स्टेशन बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। गया के साथ ही पूर्व मध्य रेलवे के तहत राजेंद्र नगर टर्मिनल, सिंगरौली, मुजफ्फरपुर एवं बेगूसराय स्टेशन को भी अत्याधुनिक यात्री सुविधाओं से युक्त वर्ल्ड क्लास स्टेशन बनाने की पहल शुरू की की गई है।
पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि स्टेशन पुनर्विकास परियोजना के तहत रेल ने पूरे देश में 123 स्टेशनों के पुनर्विकास का कार्य पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप के तहत कराने की योजना बनाई है। इसी कड़ी में पूर्व मध्य रेल के पांच रेलवे स्टेशनों गया, राजेंद्र नगर टर्मिनल, मुजफ्फरपुर, बेगूसराय एवं सिंगरौली को वर्ल्ड क्लास के रूप में विकसित किया जाना है। इन स्टेशनों पर रेलवे के जमीन पर मॉल और मल्टीपर्पज बिल्डिंग बनाया जाएगा। स्टेशन का विकास सौर ऊर्जा, ऊर्जा दक्षता उपकरण और ‘हरित इमारत’ मानकों के अनुसार किया जाएगा। पं. दीनदयाल उपाध्याय मंडल के गया के पुनर्विकास की योजना बनाई गई है।
पुनर्विकास से संबंधित कार्य पूरा होने के बाद गया स्टेशन पर यात्रियों को एयरपोर्ट जैसी विश्वस्तरीय सुविधाएं प्राप्त होंगी। इस स्टेशन पर वर्ष 2065 (व्यस्त समय) की अनुमानित यात्री संख्या को आधार मानते हुए उसी के अनुसार यात्री सुविधाओं का पुनर्विकास किया जाएगा। गया स्टेशन के पुनर्विकास पर 173 करोड़ रूपए की लागत आएगी। गया स्टेशन पर आगमन एवं प्रस्थान के लिए प्रवेश और निकास द्वार ऐसे होंगे, जिससे यात्रियों को भीड़-भाड़ का सामना नहीं करना पड़े। स्टेशन पर एक्सेस कंट्रोल गेट एवं प्रत्येक प्लेटफार्म पर एस्केलेटर एवं लिफ्ट लगाए जाएंगे। इससे उन्हें एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म पर आने-जाने में यात्रियों को सुविधा हो। स्टेशन पर खान-पान, वॉशरूम, पीने का पानी, एटीएम, इंटरनेट की व्यवस्था होगी।