पीडीडीयू नगर। सदर कोतवाली पुलिस ने वाजिदपुर की ओर जाने वाले मार्ग के सामने नेशनल हाईवे पर एक कार से 13 लाख रुपये का गांजा बरामद किया। इस दौरान पुलिस ने तस्करी के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी बिहार से गांजा लेकर मध्यप्रदेश स्थित कटनी में अपूर्ति के लिए ले जा रहा था। पुलिस ने गाड़ी से एमपी और यूपी का नंबर प्लेट भी बरामद किया है
सीओ सदर देवेंद्र कुमार ने बताया कि सोमवार को सदर कोतवाली पुलिस लीलापुर फाटक के पास वाहनों जांच कर रही थी। इस दौरान सूचना मिली कि एक गाड़ी सफेद रंग की जिसपर एमपी का वीआईपी रजिस्ट्रेशन नंबर लिखा है, काफी मात्रा में गांजा लेकर कहीं जा रही है। थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह टीम के साथ वाजिदपुर की ओर जाने वाले मार्ग के सामने नेशनल हाईवे पर घेराबंदी कार को रोक लिया। पुलिस ने कार में रखे दो झोल से 50 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद किया।
इस दौरान गांजा तस्करी के आरोप में कार चालक चांद बाबू निवासी वार्ड नंबर 15 सुभाष नगर सैदपुर गाजीपुर को गिरफ्तार कर लिया। सीओ ने बताया कि वह बिहार से गांजा ला रहा था। उसे इस गाड़ी को कटनी मध्य प्रदेश में गाड़ी मालिक को सौंपनी थी। गांजे की कीमत 13 लाख रुपये बताई गई। मामले में पुलिस ने आरोपी के विरूद्ध मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है।