जिले में गणेशोत्सव की धूम मची है। शनिवार को पंडालों में प्रथम पूज्य गणेश की विधि विधान से पूजा अर्चना की गई। वहीं कई स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित हुए। चकिया के श्रीबाबा भूतनाथ मंदिर गांधी पार्क परिसर में गणेशोत्सव के दूसरे दिन मूर्ति की पूजा अर्चना के बाद आरती उतारी गई।
नगर के अलीनगर (ओमनगर) में मां हंसवाहिनी क्लब की ओर से पंडाल में प्रथम पूज्य गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई है। यहां शनिवार को विधि विधान से गौरीनंदन की पूजा की गई। भगवान गणेश को दूब, अक्षत, सिंदूर, धूप, दीप अर्पित किया गया और मोदक का भोग लगाया गया और आरती उतारी गई। आयोजक मंडल के अनुसार यहां आठ सितंबर को दोपहर 12 बजे से भंडारा होगा।
इसी तरह नगर के सिद्धार्थपुरम कॉलोनी, नई सट्टी, अलीनगर सहित दस से अधिक स्थानों पर प्रथम पूज्य गणेश की पूजा अर्चना की गई। चहनियां, टांडाकला, नियामताबाद सहित जिले के अन्य क्षेत्रों में भी गणेश की पूजा की गई। चकिया संवाददाता के अनुसार श्री बाबा भूतनाथ मंदिर गांधी पार्क परिसर में पांच दिवसीय श्री गणेश महोत्सव के दूसरे दिन शनिवार को अखंड कीर्तन की समाप्ति के बाद मंत्रोचार के बीच गणेश की पूजा अर्चना की गई। रविवार की सुबह अखंड मानस पाठ किया जाएगा। सोमवार को रामायण पाठ के बाद शाम भजन आरती होगी। 10 सितंबर मंगलवार को कलश विसर्जन किया जाएगा।