इलिया (चंदौली)। थाने की पुलिस ने सोमवार की सुबह मालदह पुलिया के पास घेराबंदी कर चोरी की एक डीसीएम वाहन के साथ चार चोरों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान पुलिस ने उनके पास से दो तमंचा समेत दो कारतूस व खोखा भी बरामद किया। इसके बाद पुलिस वाहन समेत बदमाशों को थाने ले आई। जहां उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस अग्रिम कार्रवाई में जुट गई।
सीओ चकिया प्रीति तिवारी ने बताया कि इलिया थानाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी को सूूचना मिली कि कुछ लोग बिहार प्रांत के सासाराम से डीसीएम चोरी की भाग रहे हैं, जो कि मालदह के रास्ते यूपी में प्रवेश कर आगे भाग सकते हैं। इस पर थानाध्यक्ष ने टीम गठित कर मालदह पुलिया के पास घेराबंदी की। चोर जैसे ही गाड़ी को लेकर पुलिया के पास पहुंचे कि उनकी निगाह पुलिस पर पड़ गई। इस दौरान एक चोर ने पुलिस पर फायर कर दिया और गाड़ी छोड़कर वहां से भागने लगे। जिस पर पुलिस ने पीछा कर चारों बदमाशों को पकड़ा। इसके बाद पुलिस डीसीएम समेत चारों चोरों को थाने ले आई।
सीओ प्रीति तिवारी ने बताया कि पकड़े गये चोरों में से शरीफ खलीफा, सोनू कुरैशी, जिशान खान निवासीगण बिहार प्रांत के कैमूर जिला के चैनपुर थाना क्षेत्र के पठानटोली गांव व कौशर अली निवासी चांद थाना क्षेत्र के अईलाय खुर्द गांव के रहने वाले है। उन्होंने बताया कि कौशर अली एवं जीशान खान का पूर्व से ही आपराधिक इतिहास रहा है। दोनों के ऊपर गैंगस्टर एक्ट के तहत चकिया थाना में मुकदमा पंजीकृत है। बताया कि पकड़े गए चोरों के पास से दो तमंचा, दो कारतूस व दो खोखा समेत तीन मोबाइल व 38 सौ रुपये नगद बरामद हुए है।