फरियाद सुनते कमिश्नर नितिन रमेश गोकर्ण।
मंगलवार को तहसील दिवस पर डीएम और कमिश्नर की मौजूदगी में कुल 75 प्रार्थना पत्रों में सात का ही निस्तारण किया गया। वहीं मुगलसराय तहसील में कमिश्नर और डीआईजी ने निरीक्षण किया और तहसील दिवस में अनुपस्थित चार अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया।
मुगलसराय तहसील में एसडीएम सत्येन्द्र सिंह की अध्यक्षता में तहसील दिवस के दौरान दोपहर बारह बजे कमिश्नर वाराणसी नितिन रमेश गोकर्ण और डीआईजी पहुंच गए और फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान विद्युत वितरण खंड प्रथम के एक्सईएन राम कुमार, मूसाखांड के एक्सईएन, जेई और बीडीओ विजय कुमार नियामताबाद अनुपस्थित मिले। इस पर कमिश्नर ने चारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया। वहीं अधिवक्ता खालिद वकार आबिद ने मुगलसराय नगर पालिका के सामने बन रहे चिकित्सालय में अनियमितता की शिकायत की। इस पर कमिश्नर ने जांच का निर्देश एसडीएम को दिया। इस मौके पर 11 शिकायतों में एक का निस्तारण किया गया।
चकिया संवाददाता के अनुसार जिलाधिकारी कुमार प्रशांत की अध्यक्षता में 18 प्रार्थना पत्रों में पांच का निस्तारण किया गया। अखिल भारतीय किसान सभा के नेता लालचन्द के प्रार्थना पत्र पर जिलाधिकारी ने जिले पर उपलब्ध आपदा राहत की धनराशि का चेक किसानों में बांटने के निर्देश दिया। चुप्पेपुर गांव के रामदयाल की मेंड़बंदी के मामले का ढाई साल बाद भी निस्तारण न होने पर डीएम ने कानूनगो को फटकार लगाई। इस मौके पर एसपी दीपिका तिवारी, सीडीओ महेन्द्र प्रताप सिंह, प्रभारी सीएमओ पीके मिश्रा, तहसीलदार राकेश कुमार सिंह, नायब तहसीलदार राजाराम आदि रहे।
चंदौली सदर तहसील सभागार में कुल 27 प्रार्थना पत्र पड़े, जिसमें मौके पर एक भी प्रार्थना पत्र निस्तारित नहीं हुआ। एसडीएम सदर साहब लाल ने सभी प्रार्थना पत्रों को निस्तारित करने के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को सिपुर्द कर दिया। सकलडीहा संवाददाता के अनुसार एसडीएम जितेन्द्र कुशवाहा की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस में 19 प्रार्थना पत्रों में मात्र एक का निस्तारण किया गया।