नौगढ़ के तिवारीपुर में चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान।
- फोटो : CHANDAULI
नौगढ़। चकरघट्टा थाना क्षेत्र के तिवारीपुर मार्केट के चौराहे पर स्थित सोने-चांदी व किराने की दुकान में सोमवार की रात चोरों ने धावा बोला। चोर सोने-चांदी की दुकान से नकदी सहित लगभग चार लाख के आभूषण ले उड़े। वहीं बगल के किराना की दुकान में लगा सीसी कमरा भी चोरों ने चुरा लिया। सूचना पर पुलिसकर्मियों के साथ पहुंचे थानाध्यक्ष राजेश सरोज ने मौका मुआयना किया। दुकानदारों की तहरीर पर पुलिस चोरों के विरुद्ध मामला दर्ज कर मामले की छानबीन में जुट गई है।
क्षेत्र के तिवारीपुर मार्केट के चौराहे पर लक्ष्मण सेठ की सोने-चांदी की दुकान है। दुकानदार द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार रात के किसी समय चोर शटर चांडकर दुकान में घुस गए और लॉकर के अंदर रखे सोने-चांदी के जेवर और नगदी समेत करीब चार लाख रुपये के माल पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने बगल के किराना व्यवसायी गुलाब केसरी की दुकान का भी ताला तोड़ दिया। दुकान में कुछ नगदी चुराने के साथ चोर सीसी कैमरा भी खोलकर ले गए। व्यापारियों का आरोप है कि स्थानीय कस्बा में पिछले दिनों बियर शॉप और देसी शराब की दुकान से भी चोर नकदी व बियर चुरा ले गए थे। वहीं एक पशुपालक की दो भैंस भी खोल कर ले गए। इसके अलावा चोरों ने आठ गुमटियों के ताले तोड़कर चोरी की थी। व्यापार मंडल के जिला मंत्री देव जायसवाल ने बढ़ रही चोरी के घटनाओं की निंदा करते हुए कहा कि चोरी की घटना का खुलासा करना तो दूर पुलिस मुकदमा दर्ज करने से भी कतरा रही है। इसे लेकर व्यापारियों में नाराजगी है। सीओ नीरज पटेल ने बताया कि चोरी की घटना की सूचना मिली है। पुलिस जांच में जुट गई है। शीघ्र ही इनका खुलासा कर दिया जाएगा।