पीडीडीयू नगर (चंदौली)। पड़ाव-भोजपुर मार्ग पर 21 मई को मुनीम से 1.34 लाख रुपये लूट के मामले में मुगलसराय थाने की पुलिस ने बुधवार को चौरहट स्थित ओपी गार्डेन के पास से वाराणसी के आर्यन श्रीवास्तव, शिवांग पांडेय, देव सरकार और बिहार के मोहम्मद तारिक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, तीन आरोपी वाराणसी और एक बिहार का रहने वाले हैं। इनमें से तीन बीएचयू और काशी विद्यापीठ से बीए, बीएससी प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहे हैं। आईफोन के साथ सोने की चेन खरीदने और जल्द अमीर बनने की चाहत में लूट की थी। आरोपियों के पास से 60 हजार रुपये नकद, दो बाइक, चार मोबाइल फोन और लूटा गया बैग बरामद किया गया है। आरोपियों को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रभाष त्रिपाठी की अदालत में पेश किया गया जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने 25 किलोमीटर के दायरे में लगे 70 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले थे। दो और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
गिरफ्तार आर्यन श्रीवास्तव वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र के सीर गोवर्धन का रहने वाला है। शिवांग पांडेय भेलूपुर थाना क्षेत्र के महमूरगंज में रहता है। देव सरकार लंका थाना क्षेत्र के ढेलाबीर टिकरी का रहने वाला है। सामनेघाट में रहने वाला मोहम्मद तारिक भी गिरफ्तार हुआ है।
अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि 21 मई को एक ऑयल कंपनी के मुनीम वाराणसी और मच्छोदरी निवासी महताब अहमद तगादा करके मोपेड से लौट रहे थे। चौरहट के पास दो बाइक से आए पांच बदमाशों ने उन्हें पीछे से टक्कर मारकर गिरा दिया और रुपये से भरा बैग लेकर भाग गए। बैग में करीब 1.34 लाख रुपये थे। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि आकाश यादव दोस्त है। वह भी रुपये कलेक्शन का काम करता है। आकाश ने ही जानकारी दी थी कि एक कंपनी का मुनीम हर बृहस्पतिवार को पड़ाव क्षेत्र से तगादा करके लौटता है। उसके पास लाखों रुपये होते हैं। इसके बाद आरोपियों ने साजिश रची और लूट की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने ही पुलिस को बताया कि आईफोन, सोने की चेन खरीदने और जल्द अमीर बनने की चाहत में लूट की वारदात को अंजाम दिया है।
चारों आरोपी कर रहे हैं पढ़ाई, एक दुकान भी लगाता है
अपर पुलिस अधीक्षक के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी आर्यन श्रीवास्तव काशी विद्यापीठ वाराणसी से बीएससी प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहा है। शिवांग पांडेय बीएचयू में बीए प्रथम वर्ष का छात्र है। मोहम्मद तारिक अंसारी काशी विद्यापीठ से बीए प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहा है। वहीं, देव सरकार बंगाली टोला विद्यालय वाराणसी में पढ़ता था। गंगा किनारे घाट पर दुकान भी लगाता है।
-
आकाश और हरीश की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले में वाराणसी के भेलूपुर थाना क्षेत्र के सराय नंदन खोजवां निवासी आकाश यादव की भी तलाश की जा रही है। पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा। आकाश की निशानदेही पर ही लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था। लूट में आकाश के दोस्त हरीश पांडेय की भूमिका भी सामने आई है। वह रोहनिया थाना क्षेत्र के हरिहरपुर का रहने वाला है।
-
लूट के रुपये छह लोगों में बांटे गए, एक और वारदात को अंजाम देने की थी तैयारी
अपर पुलिस अधीक्षक के मुताबिक, आरोपियों ने पुलिस को बताया कि बैग में 1.34 लाख रुपये थे जो छह लोगों में बांटे गए थे। कुछ रुपये खर्च कर दिए गए। वारदात के बाद आरोपियों ने बैग रास्ते में फेंक दिया था जिसे बरामद कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी एक और लूट की वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
-
पहले मुनीम की गतिविधियों पर रखी नजर, फिर वारदात को दिया अंजाम
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने पहले मुनीम की गतिविधियों पर नजर रखी थी, फिर वारदात को अंजाम दिया। बाइक से ही मुनीम का पीछा किया। भोजपुर के पास मौका देखकर मोटरसाइकिल से धक्का दिया और मुनीम के गिरते ही नकदी से भरा बैग लेकर भाग निकले।
-
देव सरकार उर्फ दयाल पर वाराणसी के भेलूपुर थाने में मारपीट-धमकी का मामला पहले से दर्ज
अपर पुलिस अधीक्षक के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी देव सरकार उर्फ दयाल के खिलाफ वाराणसी के भेलूपुर थाने में पहले से मारपीट और धमकी देने की प्राथमिकी दर्ज है। अब उसके खिलाफ चंदौली में लूट की प्राथमिकी दर्ज हुई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पीड़ित मुनीम महताब अहमद को भी थाने बुलाया गया। मुनीन ने भी आरोपियों और वारदात में इस्तेमाल वाहनों की पहचान की है।