धीना के भैंसऊर गांव में पंचायत भवन के पास बना कूड़ा निस्तारण केंद्र
- फोटो : Archive
बरहनी विकासखंड के भैंसऊर गांव में ग्राम सचिवालय के समीप बने कूड़ा निस्तारण केंद्र से उठ रही दुर्गंध के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्राम सचिवालय के निकट ही प्राथमिक विद्यालय होने से छात्र-छात्राओं, कर्मचारियों और विभिन्न कार्यों से आने वाले लोगों को बदबू के बीच आवागमन करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने कूड़ा निस्तारण केंद्र को अन्यत्र स्थानांतरित करने अथवा समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
ग्रामीण चौथी गुप्ता, मंगू यादव, सोहन, राजेंद्र, मीता और गोपाल शुक्ला ने बताया कि कूड़ा निस्तारण केंद्र से लगातार उठ रही दुर्गंध के कारण ग्राम सचिवालय में कार्यरत कर्मचारियों, फरियाद लेकर आने वाले लोगों और राहगीरों को असुविधा हो रही है। वहीं, पास स्थित प्राथमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं को भी बदबू के बीच पढ़ाई करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। उनका कहना है कि इससे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि कूड़ा निस्तारण केंद्र का निर्माण आबादी और सार्वजनिक संस्थानों से दूर किया जाना चाहिए था। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से केंद्र को किसी उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने या दुर्गंध एवं संक्रमण की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है। इस संबंध में खंड विकास अधिकारी शरद चंद्र शुक्ला ने बताया कि ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्यों के साथ विचार-विमर्श कर मामले में उचित निर्णय लिया जाएगा।