धीना। सैयदराजा के पूर्व सपा विधायक मनोज सिंह डब्लू ने माधोपुर जाने वाले मार्ग पर नहर सफाई के दौरान निकले मलबे को सड़क पर डाले जाने पर नाराजगी जताई है। इसे राजनीतिक द्वेष से प्रेरित कार्य बताया है।
पूर्व विधायक ने बताया कि 8 दिसंबर को माधोपुर स्थित पैतृक आवास पर उनके दिवंगत पिता रामअवध सिंह की तेरहवीं का कार्यक्रम होना है। इसी बीच कुछ स्थानीय नेताओं की ओर से नहर की सफाई कराकर उसका मलबा, कीचड़ व झाड़-झंखाड़ सीधे सड़क पर गिरवा दिया गया है। इससे स्थिति अत्यंत खराब हो गई है। मलबे के कारण सड़क पर पैदल, साइकिल व बाइक सवारों का आवागमन मुश्किल हो गया है। कहा कि यह कार्य दो चार दिन बाद भी हो सकता था लेकिन जान बुझ कर इस समय किया जा रहा है। कहा कि 8 दिसंबर के बाद वे पूरे विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर नहरों व माइनरों की सफाई व्यवस्था की जमीनी हकीकत की जांच करेंगे। यदि सफाई कार्य में कोई कमी या लापरवाही मिली, तो उसका खामियाजा सिंचाई विभाग के अधिकारियों को भुगतना होगा।