सकलडीहा विकास खंड के मनियारपुर गांव में प्रधानमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट हर घर जल योजना के तहत पहली बार घर-घर नल से जल पहुंचने लगा है। गांव के तीन सौ घरों में हर घर जल योजना के तहत कनेक्शन दिया गया है। करीब डेढ़ सौ घरों में पहली बार पानी की टंकी से पानी पहुंचने पर ग्रामीणों में खुशी है।
सकलडीहा विकास खंड से पांच किलोमीटर की दूरी पर मनियारपुर गांव है। गांव के लोग पेयजल के लिए कुओं या हैंडपंप का पानी पीते थे। पानी के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। बरसात के दिनों में शुद्ध पेयजल के अभाव में गांव में संक्रामक बीमारी का भय रहता है। ऐसे में घर जल योजना ग्रामीणों के लिए वरदान साबित होगी।
शनिवार को हर घर जल जीवन मिशन के अधिकारियों ने ग्राम प्रधान अमरनाथ कुमार खरवार के हाथों से जल की टंकी खोलवा कर सुविधा शुरू की। घर-घर जल योजना के तहत गांव में करीब तीन सौ लोगों को कनेक्शन दिया गया है। पहले दिन डेढ़ से दो सौ घरों में टंकी का पानी पहुंचने पर खुशी की लहर है। ग्राम प्रधान अमरनाथ खरवार और ग्रामीणों ने इस प्रोजेक्ट के शुरू होने पर प्रधानमंत्री मुख्यमंत्री सहित क्षेत्रीय सांसद को बधाई दी है।