जिला न्यायालय एवं जिला मुख्यालय निर्माण की मांग को लेकर जिला व न्यायालय निर्माण संघर्ष समिति के पदाधिकारी अधिवक्ता आंदोलन कर रहे हैं। आंदोलन के दौरान अधिवक्ताओं ने सत्ता पक्ष के सांसद व विधायकों का पुतला फूंका। समिति के कार्यकारी अध्यक्ष धनंजय सिंह ने बताया कि नेताओं की नाकामी व शिथिलता के कारण चंदौली के अधिवक्ताओं को पदयात्रा निकालना पड़ रहा है। नाराज अधिवक्ताओं ने जिले के सांसद व केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री डाॅ. महेंद्रनाथ पांडेय, सैयदराजा विधायक सुशील सिंह व मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल का पुतला फूंका।
आंदोलनकारियों ने कहा चंदौली का नाम आकांक्षी जिले के सूची में शामिल हो गया लेकिन चंदौली के विकास के लिए अधिवक्ता पैदल चलने का काम कर रहे हैं। चंदौली के समर्थन में मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री के साथ ही सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखकर अवगत कराया जाएगा। इस दौरान संतोष पाठक, मुन्ना विश्वकर्मा, उज्ज्वल सिंह आदि मौजूद रहे।