पीडीडीयू नगर में जीटी रोड पर कोहरे के बीच वाहनों को लाइट जलाकर चलते लोग। संवाद
- फोटो : CHANDAULI
पीडीडीयू नगर। कुछ दिनों की राहत के बाद ठंड के तेवर एक बार फिर तल्ख हो गए हैं। जिले को सोमवार की सुबह कोहरे ने अपने आगोश में समेट लिया। इसके चलते लोग घरों में देर तक दुबके रहे। सुबह 10 बजे के बाद कोहरा छंटना शुरू हुआ तो लोगों की दिनचर्या आरंभ हुई। कोहरे का सबसे ज्यादा असर परिवहन पर पड़ा। सुबह चालक वाहनों की हेडलाइट जलाकर चलते रहे। न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहा।सुबह लोगों की आंख खुली तो क्षेत्र कोहरे की चादर से ढंका मिला। जबकि ठंड में ठिठुरन भी रही। कोहरे के कारण वाहनों के पहिए थम गए। दृश्यता कम होने के कारण वाहनों के चालक सुबह भी हेडलाइट जलाकर चल रहे थे। कोहरे के कारण ट्रेनें भी देरी से चल रही हैं। दिल्ली व पंजाब से आने वाली ट्रेनों के देरी से पहुंचने का सिलसिला जारी है। ग्रामीण क्षेत्रों में जिन किसानों के धान की फसल अभी खेतों या खलिहानों में हैं, मौसम ने उनकी चिंता बढ़ा दी है। कोहरे से धान की कटाई व मड़ाई बाधित रही। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में बारिश व ओले पड़ने की चेतावनी देकर किसानों की चिंता और बढ़ा दी है। किसानों का कहना है कि बारिश होने या ओले पड़ने से खलिहानों में रखी धान की फसल बर्बाद हो जाएगी। वहीं जिन किसानों ने गेहूं के बीज डाल दिए हैं और अभी तक पौधे अंकुरित नहीं हुए हैं, उनको भी नुकसान उठाना पड़ सकता है।