पीडीडीयू नगर में आंदोलन से लौट रहे किसानों व जवानों का स्वागत करते छात्र। संवाद
- फोटो : CHANDAULI
पीडीडीयू नगर। सरकार से अपनी मांगें मनवाने के बाद किसान और जवान दिल्ली के गाजीपुर बॉर्डर से अपने घरों को रवाना होने के क्रम में सोमवार को नगर पहुंचे। किसान आंदोलन समाप्त होने के बाद जिले में प्रथम आगमन पर नगर स्थित आर्य समाज मंदिर के सामने छात्र नेताओं व उनके समर्थकों ने किसानों व जवानों का फूल-मालाओं से स्वागत किया। किसानों व जवानों के काफिले में शामिल संयुक्त किसान मोर्चा (प्रदेश इकाई) के सदस्य मणिदेव चतुर्वेदी ने कहा कि केंद्र सरकार ने तीन नए कृषि कानून लागू कर किसानों के हक पर डाका डालने का प्रयास किया था। किसान सरकार की चाल समझ गए और लगातार सौ से अधिक दिनों तक दिल्ली के बार्डर व देश के अन्य हिस्सों में आंदोलन करते रहे। किसानों को डराने व समझाने का सरकार ने काफी प्रयास किया पर अपनी मांग पर अड़े किसानों ने कानूनों की वापसी से कम पर समझौता नहीं किया। अंत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नए किसान कानूनों को वापस लेना ही पड़ा। चेताया कि यदि सरकार दोबारा फिर से कानूनों को किसानों पर लादने का प्रयास करेगी तो इससे बड़ा आंदोलन किया जाएगा। किसानों व जवानों का स्वागत करने वालों मे मो. आसिफ, अमित श्रीवास्तव, शमशेर खान, सर्वज्ञ यादव, रौनक खान, मनीष कुमार, अफरोज आलम शामिल रहे।