जिला अस्पताल में इन दिनों काफी संख्या में मरीज आ रहे हैं। मौसम में आ रहे उतार-चढ़ाव से लोग तेजी से संक्रामक बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं।
अस्पताल में खासतौर से वायरल फीवर, कोल्ड डायरिया, टाइफाइड आदि बीमारियों से पीड़ित मरीज ज्यादा आ रहे हैं। चिकित्सकों का कहना है कि लोगों को ऐसे मौसम में खानपान व ठंड से बचाव पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
इन दिनों मौसम में बदलाव से लोग परेशान हैं। ठंड में कभी बारिश तो कभी दिन में तीखी धूप निकल रही है। ऐसे में बच्चे, अधेड़ और बुजुर्ग सभी संक्रामक बीमारियों की गिरफ्त में आ जा रहे हैं।
जिला अस्पताल के ओपीडी में आने वाले मरीजों में अधिकतर संक्रामक रोग से पीड़ित ही आ रहे हैं। इसमें प्रमुख रूप से कोल्ड डायरिया, वायरल फीवर, टाइफाइड, एलर्जी जैसी बीमारी से ग्रसित होते हैं।
अस्पताल में सुबह से ही मरीजोंकी लाइन लग जा रही है। अस्पताल में लगभग 700 मरीज प्रतिदिन रजिस्ट्रेशन करा रहे हैं। जिससे जिला अस्पताल में मरीजों की ज्यादा भीड़ लग रही है।
जिला अस्पताल के ईएमओ डा. संजय का कहना है कि रात्रि में ठंड और दिन में तीखी धूप के कारण मौसम में बदलाव हो रहा है। इसमें लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। लोग सुबह और शाम की ठंड से बचें।
गुनगुना पानी पीना चाहिए। खान पान पर विशेष ध्यान देना चाहिए और अगर किसी प्रकार की परेशानी हो तो तत्काल चिकित्सक के पास जाना चाहिए।