पीडीडीयू नगर। कोरोना संक्रमण के चलते लगे लॉकडाउन का असर आटा-दाल के भावों पर भी पड़ने लगा है। पिछले एक सप्ताह में आटा के मूल्य में 200 से 300 रुपये प्रति कुंतल की बढ़त हुई है। वहीं पैकेट बंद ब्रांडेड आटे के 10 किग्रा के पैक का मूल्य भी बढ़ गया है।
गल्ला के थोक व्यापारियों का मानना है कि आने वाले दिनों में आटे के मूल्य में अप्रत्याशित उछाल आ सकता है। उन्होंने इसका कारण मिलों के न चलने से आटे की आवक और गेहूं उत्पादन में कमी को बताया है। आटे का मूल्य पिछले तीन दिनों में 2200 से बढ़कर 2500 से 2700 रुपये प्रति कुंतल पर पहुंच गया है। आटे का यह मूल्य चक्कियों पर था। वहीं ब्रांडेड बोरी पैक 10 किग्रा आटे का मूल्य भी बढ़कर 350 रुपये पर पहुंच गया है। लॉकडाउन के कारण लगातार मिलों व आटा चक्कियों के बंद रहने व पहले का स्टॉक समाप्त होने की कगार पर पहुंच गया है। बताया कि इस वर्ष वैसे ही मौसम खराब होने के कारण गेहूं की पैदावार कम हुई है वहीं सरकारी केंद्रों पर काफी कम मात्रा में गेहूं खरीदा गया है। इससे नया आटा बाजार में आने में समय लग सकता है। तब तक लोगों के पास महंगा आटा खरीदने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचेगा।