बारिश के बाद इलिया में डूबा मकान। संवाद
- फोटो : 1
इलिया। पिछले दो दिन तेज बारिश होने से शहाबगंज ब्लॉक के करईल क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो गए हैं। बरांव, इमलिया, वलीपुर, मदरा, दंडापोखर और पस्तुआ, कवलपुरवा गांव के सैकड़ों एकड़ धान के खेत जलमग्न हो गए हैं। ग्राम पंचायत कावलपुरवा के पस्तुआ गांव की वनवासी बस्ती में पानी भर जाने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कई मकान पानी से घिर गए हैं।
वनवासी बस्ती के राजेंद्र, झेंगट और मेलाही आदि ने बताया कि तीन साल पहले आबादी की जमीन उन्हें पट्टे में दी गई थी। तेज बारिश होने पर खेतों से लेकर बस्ती पर पानी भर गया है। जलनिकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण लोग घरों में कैद हो गए हैं। जान बचाने के लिए छत पर त गुजारनी पड़ती है। बताया कि जलभराव के कारण घरों में रखा अनाज तक खराब हो गया है। इसके अलावा बस्ती में शौचालय और पेयजल की व्यवस्था नहीं है। करीब 500 मीटर दूर से पानी लाना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में रास्ते में पानी भर जाने से मुश्किलें बढ़ गई हैं।
इनसेट......
बिजली, पेयजल और शौचालय की सुविधा नहीं
वनवासी बस्ती के लोगों का कहना है कि बस्ती में सरकारी योजनाओं के तहत आवास तो उपलब्ध करा दिए गए हैं लेकिन बिजली, शौचालय और पेयजल की सुविधा नहीं है। जलभराव की समस्या के समाधान के लिए ग्राम प्रधान और ब्लॉक के अधिकारियों से कई बार गुहार लगाई गई लेकिन सुनवाई हीं हुई। ग्रामीणों ने जलनिकासी की व्यवस्था कराने के साथ पेयजल, शौचालय और बिजली की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।
कोट....
मामले की जानकारी नहीं है। यदि वनवासी बस्ती में पानी घुसा है तो समस्या का समाधान कराया जाएगा। बस्ती के लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ भी दिलाया जाएगा। - दिनेश सिंह, खंड विकास अधिकारी, शहाबगंज।