शिकारगंज। गनेशपुर में निर्माणाधीन मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय के निर्माण कार्य में खामियां मिलने पर डीएम चंद्र मोहन गर्ग ने नाराजगी जताई। बुधवार को औचक निरीक्षण के दौरान उन्होंने पिलर और अन्य ढांचागत कार्यों में कमियां मिलने पर कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों और अभियंताओं को फटकार लगाई। साथ ही कमियों को तत्काल दूर करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने निर्माण में इस्तेमाल की जा रही सामग्री की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों की जांच की। उन्होंने मौके पर मौजूद सामग्री गुणवत्ता परीक्षण मशीन की कार्यप्रणाली का भी अवलोकन किया। ईंट, सीमेंट और कंक्रीट सहित अन्य निर्माण सामग्री का इस्तेमाल शासन के निर्धारित मानकों के अनुरूप करने को कहा।
डीएम ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय बच्चों के भविष्य और सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजना है। ऐसे में निर्माण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने चेतावनी दी कि गुणवत्ता में कमी मिलने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान विभागीय अधिकारी, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि और अभियंता मौजूद रहे। संवाद