पुलिस लाइन में निर्माण कार्य का निरीक्षण करते एसपी किरीट राठौड़
पुलिस अधीक्षक किरीट राठोड ने गुरुवार को सदर कोतवाली परिसर में निर्माणाधीन महिला आरक्षी बैरक का निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण कार्य में दोयम दर्जे की सामग्रियों का प्रयोग होता देख ठेकेदार को नक्शे और सामग्रियों के विवरण के साथ कैंप कार्यालय में तलब किया। उन्होंने दो ईंटों को आपस में टकराकर घटिया सामग्री की जांच की। साथ ही निर्माण कार्य की जांच सीओ लाइन को सौंपने का निर्देश एएसपी को दिया।
निर्माणाधीन आवासों और महिला बैरक के निरीक्षण के दौरान एसपी की नजर खराब ईंटों पर पड़ी। उन्होंने निर्माण कार्य में लगे मजदूरों को बुलाया और दो ईंटें मंगवाईं। ईंटें आपस में टकराते ही दो टुकड़ों में बंट गईं। इस पर उन्होंने प्रतिसार निरीक्षक को निर्देश दिया कि निर्माण स्थल पर एक सिपाही की ड्यूटी लगाएं जो निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर नजर रखे। साथ ही ठेकेदार को कार्यालय में तलब किया। कहा कि निर्माण कार्य मानक के अनुरूप ही कराएं जाएं। यदि कहीं कोई खामी नजर आई तो संबंधित के विरुद्घ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान एसपी ने कोतवाली परिसर की साफ-सफाई कराने और आवासों के आगे दीवार बनाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे जिले के रंगरूट आरक्षियों से मुलाकात की। बताया कि प्रशिक्षुओं के वेतन भुगतान के निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने रंगरूटों को नाश्ते में दाल देने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया।