नौगढ़। चकरघट्टा थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में रविवार की दोपहर गुरवट नदी में नहाते समय पांच साल के बच्चे की डूबने से मौत हो गई। घटना से शाहपुर गांव के साथ मासूम के पैतृक गांव बिहार के रोहतास जिले के भुड़कुड़ा में भी मातम पसरा है।
रोहतास जिले के भुड़कुड़ा गांव निवासी संदीप कुछ दिन पहले अपनी मां सीता देवी के साथ नाना सूरज लाल के घर शाहपुर आया था। रविवार की दोपहर वह परिजनों के साथ गुरवट नदी में नहाने गया था। नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। परिजनों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह देखते ही देखते पानी में समा गया।
ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला। इसके बाद संदीप को रायपुर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। संदीप की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां सीता देवी रोते-रोते बेहोश हो गई। मासूम की मौत से शाहपुर गांव लोग भी गमगीन हैं।थाना प्रभारी महेश कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। इसलिए पंचनामा की कार्रवाई कर शव उन्हें सौंप दिया गया।