कोतवाली पुलिस ने सोमवार की देर रात पड़ाव क्षेत्र में अंतर प्रांतीय
चोरों के गिरोह का पर्दाफाश करके पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस
को उनके पास से पांच चाकू, पांच मोबाइल फोन, आठ बैग और कपड़े के साथ पौने
दो लाख रुपये के आभूषण, सेना के जवान की आईडी और 15 हजार रुपये नगदी मिला
है। उस वक्त सभी किसी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने
सभी आरोपियों को संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जेल भेज दिया।
गौरतलब
है कि बीते एक पखवारे में मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में आपराधिक घटनाओं की
बाढ़ आ गयी है। इससे चिंतित एसपी मुनिराज जी ने अपराधियों पर सख्ती करने
का निर्देश दिया था। इस बीच पुलिस को सूचना मिली कि कुछ लोग पड़ाव इलाके
में जमा होकर किसी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। इस सूचना पर
सक्रिय हुई पुलिस ने पड़ाव क्षेत्र में छापा मारकर अंतर प्रांतीय चोर
गिरोह के पांच सदस्यों को पकड़ लिया और कोतवाली ले आयी। इनकी जामा तलाशी
में पांच चाकू, पांच मोबाइल, आठ बैग और कपड़े के साथ पौने दो लाख रुपये के
आभूषण, सेना के जवान की आईडी और 15 हजार रुपये नगद बरामद हुए। आरोपियों में
सुरेश कुमार, गौतम, पुरुषोत्तम, रामकुमार पोद्दार सभी खगड़िया बिहार व
संजीव कुमार झारखंड की राजधानी रांची का निवासी बताया गया है। पुलिस के
अनुसार पांचों अंतर प्रांतीय चोर गिरोह के सदस्य हैं। ये टीम बनाकर अलग-अलग
क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। ट्रेनों में चोरी और
छिनैती कर ये चलती ट्रेन से कूदकर भाग जाते थे। चंदौली, जौनपुर, गाजीपुर
समेत बिहार और झारखंड में भी इन पर चोरी और छिनैती के मुकदमे दर्ज हैं। इस
दौरान पुलिस टीम में एसआई राजेश चौबे, रामप्रताप यादव, नागेन्द्र सिंह आदि
शामिल रहे। घटना की जानकारी कोतवाली में क्षेत्राधिकारी सदर श्यामदेव बिंद
ने दी।
दो मवेशियों संग तीन लोग पकड़े गए
नौगढ़। पुलिस
अधीक्षक मुनिराज जी के निर्देश पर मंगलवार की सुबह गश्त पर निकले नौगढ़
थानाध्यक्ष रामनारायण पासी ने सेमर साधोपुर के जंगल में दो मवेशियों और एक
बंदूक के साथ तीन संदिग्ध लोगों को पकड़ा। पुलिस ने सभी के विरुद्ध संबंधित
धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया।
थानाध्यक्ष रामनारायण पासी
सुबह जंगलों का गश्त करते हुए सेमर साधोपुर की तरफ आ रहे थे तभी उन्हें
जंगलों में पशुओं के साथ बंदूक लिए मुंह ढंके कुछ लोग दिखाई पड़े। पुलिस ने
घेरेबंदी की तो दो पशु के साथ तीन लोग पकड़ में आ गए। उनके पास से दो
मवेशी और एक बंदूक भी बरामद किया।
पकड़े गए लोगों में विमलेश पढ़ौती तथा
शांता यादव पड़हवां गांव के निवासी बताए गए हैं। वहीं तीसरा आरोपी सहमूर
बाठे सोनभद्र जिले के थाना पन्नूगंज के ढोढरी गांव का निवासी बताया गया।
पुलिस ने तीनों को वांछित अपराध में मुकदमा कायम कर जेल भेज दिया।