पीडीडीयू नगर। रामनगर औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 में 4.5 करोड़ से अग्निशमन केंद्र का निर्माण होगा। उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) के सीईओ मयूर माहेश्वरी ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमियों को इससे काफी राहत मिलेगी। आपातकाल में पास में मौजूद अग्निशमन केंद्र से त्वरित सुविधाएं मिलेंगी। क्षेत्र में अग्निशमन की दो यूनिट का निर्माण होगा। यहां 24 घंटे अग्निशमन विभाग के 23 अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहेंगे। एक वर्ष में कार्य पूरा हो जाएगा।रामनगर औद्योगिक क्षेत्र में सैकड़ों फैक्टरी हैं। यहां आग लगने या आपातकाल में पीडीडीयू नगर स्थित अग्निशमन केंद्र से आग बुझाने के संसाधन उपलब्ध कराए जाते हैं। औद्योगिक क्षेत्र से मुख्य अग्निशमन केंद्र की दूरी दस किलोमीटर है। ऐसे में सूचना के बाद अग्निशमन की गाड़ी पहुंचते-पहुंचते काफी नुकसान हो जाता है। औद्योगिक क्षेत्र विकसित होने वाला है। इससे यहां आगे भी कई उद्योग और फैक्टरी लगेंगी। ऐसे में अग्निशमन केंद्र होने से उद्यमियों को कोई चिंता नहीं होगी। जिले में मुख्य अग्निशमन केंद्र के बाद यूपीसीडा द्वारा बनाया जा रहा यह पहला अग्निशमन केंद्र होगा। अग्निशमन केंद्र का निर्माण आवास विकास के जिम्मे है और इसका कार्य शुरू भी हो गया है। इसे एक वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य है। (संवाद)
इनसेट
4.22 करोड़ से 2.17 किमी आरसीसी नालियों का भी होगा निर्माण यूपीसीडा के वरिष्ठ प्रबंधक सिविल आर. के. चौहान ने बताया कि रामनगर औद्योगिक क्षेत्र में 4.22 करोड़ से 2.17 किलोमीटर नालियों का निर्माण कराया जाएगा। इसका कार्य शुरू हो गया है। औद्योगिक क्षेत्र के रोड संख्या 2 और रोड संख्या 13 के किनारे आरसीसी नाली का निर्माण होगा। औद्योगिक क्षेत्र का पूरा पानी इसी मार्ग से जाता है। बारिश के दिनों में यहां जलजमाव की स्थिति थी। नाली निर्माण होने के बाद राहत मिलेगी।