चहनिया। स्थानीय कस्बे में स्थित एक किराने की दुकान में मंगलवार की रात भीषण आग लग गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
तब तक दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान और नकदी राख हो गई। पीड़ित के अनुसार आग से करीब 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। दूसरी तरफ दुकान में आग लगने की सूचना पाकर पीडीडीयू नगर से चहनिया आ रहे दुकानदार के भाई-बहन सड़क हादसे में घायल हो गए। दोनों को वाराणसी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चहनिया कस्बा निवासी अजय गुप्ता की स्टेट हाईवे पर किराना की दुकान है। वह दुकान के पीछे मकान बनाकर परिवार के साथ रहते हैं।
मंगलवार की रात करीब 10 बजे दुकान बंद कर वह घर चले गए। वहीं, उनका छोटा भाई विजय गुप्ता, बहन बहन रिंकी गुप्ता को इलाज के लिए पीडीडीयू नगर लेकर गया था। रात में करीब साढ़े दस बजे अजय गुप्ता की पत्नी अंजू गुप्ता को दुकान के भीतर से कुछ आवाजें सुनाई दीं। इसके बाद पति-पत्नी दुकान पर पहुंचे तो देखा कि अंदर से धुआं निकल रहा था। जब तक दोनों कुछ समझ पाते, दुकान से आग की तेज लपटें निकलने लगी।
मौके पर पहुंचे ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सतीश गुप्ता ने घटना की सूचना बलुआ पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी। कुछ देर में बलुआ थाना अध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे।