चंदौली। यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए केंद्रों की अंतिम सूची अब सात दिसंबर तक जारी होगी। इसके पहले अभिभावक, प्रधानाचार्य, प्रबंधक की ओर से 23 नवंबर तक आपत्ति मांगी गई है। पहले परीक्षा केंद्रों की सूची छह नवंबर को जारी होने वाली थी लेकिन तिथि में संशोधन कर इसे निदेशालय की ओर से बढ़ा दिया गया है।
कुल सात चरणों के तहत परीक्षा केंद्रों चयन की प्रक्रिया बीते 20 अक्तूबर से चल रही है। चार नवंबर तक जिलाधिकारी की ओर से गठित तहसील स्तरीय समिति की ओर से जिले के 248 विद्यालयों के भौतिक सत्यापन कराकर अपलोड किया गया। अब तीसरे चरण के तहत समिति को 11 नवंबर तक चयनित कर केंद्रों और आवंटित परीक्षार्थियों की संख्या के साथ केंद्र निर्धारण समिति परीक्षण के लिए परिषद की वेवसाइट पर अपलोड किया जाएगा। इसके बाद 14 नवंबर तक ऑनलाइन चयनित परीक्षा केंद्रों की सूची जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से विद्यालयों के प्रधानाचार्यों से परीक्षण कराकर आपत्ति के लिए प्रकाशित कराया जाएगा। 23 नवंबर तक प्राप्त आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। 27 नवंबर तक जिला केंद्र निर्धारण समिति से मंजूरी के बाद केंद्रों की सूची परिषद की वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी। दो दिसंबर तक ऑनलाइन साफ्टवेयर के माध्यम से चयनित केंद्रों की आपत्तियों के निस्तारण के बाद जिला केंद्र निर्धारण समिति से मंजूरी के बाद अभिभावक, प्रधानाचार्य, प्रबंधक की ओर से दोबारा आपत्ति मांगी जाएगी। सात दिसंबर तक सभी आपत्तियों का निस्तारण कर परिषदीय केंद्र निर्धारण समिति की मंजूरी के बाद फाइनल सूची परिषद की वेवसाइट पर अपलोड की जाएगी।
कोट-दसवीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया संशोधित तिथि का फिर से शुरू की गई। दो चरणों की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। आपत्तियों के निस्तारण के बाद सात दिसंबर को फाइनल सूची परिषद की वेबसाइट पर अपलाेड की जाएगी। -दल सिंगार यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक