चहनिया। बलुआ थाना क्षेत्र के मारूफपुर बाजार में किराना स्टोर में चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने किराना स्टोर से हजारों रुपये के सामान और नकदी उठा ले गए। बलुआ थाना क्षेत्र में 10 दिनों में यह पांचवीं घटना है। दुकान के मालिक संदीप गुप्ता के भाई प्रदीप गुप्ता ने बृहस्पतिवार की सुबह 8 बजे दुकान खोली तो चोरी का पता चला। चोरों ने किराना स्टोर से काजू, किशमिश, छुहारा, बिस्कुट, मंजन, दाल, साबुन, तेल, चॉकलेट और कुछ नकदी चुराए हैं। प्रदीप गुप्ता ने बताया कि तुरंत दुकान मालिक संदीप गुप्ता को सूचना दी। संदीप गुप्ता ने मौके पर पहुंचकर 112 नंबर डायल किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद उन्होंने स्थानीय मारूफपुर चौकी में लिखित तहरीर दी। चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी है। बलुआ पुलिस अभी तक इन 10 चोरी का खुलासा नहीं कर पाई है। थाना प्रभारी अतुल कुमार ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जा रही है। संवाद