भूपौली पंप कैनाल की मुख्य नहर का तटबंध जनौली गांव के समीप सोमवार की रात अचानक टूट गया।
जिससे
सैकड़ों एकड़ गेहूं की फसल पानी में डूब गईं। इससे नाराज किसानाें ने बड़ी
संख्या में मंगलवार की सुबह करीब सात बजे धीना-कमालपुर मार्ग जाम कर
प्रदर्शन किया।
साथ ही सिंचाई विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जाम की
सूचना पर पहुंचे सैयदराजा विधायक मनोज सिंह ने किसानों से पत्रक लेकर उनकी
मांगों को पूरा कराने का आश्वासन दिया।
तब लगभग पांच घंटे से चल रहा सड़क
जाम समाप्त हुआ। प्रदर्शन की अगुवाई जिला पंचायत सदस्य सुशील सिंह जनौली
एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य राजकुमार चौबे ने की।
प्रदर्शन कर रहे
किसानों का कहना था कि मुख्य नहर के तटबंध को टूटने की जानकारी सिंचाई
विभाग के अधिकारियों को दी गई थी। बावजूद इसके विभाग ने तटबंध ठीक नहीं
किया। नहर में क्षमता से अधिक पानी छोड़े जाने से ही तटबंध टूट गया। उधर
प्रदर्शनकारियों को समझाने सकलडीहा तहसीलदार वीरेंद्र राय मौके पर पहुंचे।
लेकिन किसानों ने कहा कि जब तक सिंचाई विभाग का कोई आला अधिकारी मौके पर
आकर पत्रक नहीं लेगा, तब तक सड़क जाम समाप्त नहीं होगा। इस बीच विधायक मनोज
सिंह के आश्वासन पर किसानों ने जाम समाप्त कर दिया। जाम के चलते राहगीरों
को रास्ता बदलकर जाना पड़ा।
तहसीलदार ने भी कानूनगो कमालपुर शिवाधार और
लेखपाल जनौली रामजी को तत्काल क्षति का आकलन कर रिपोर्ट भेजने को कहा।
प्रदर्शनकारियों में बीके सिंह, दिलीप कुमार, रवींद्र कुमार, मैनेजर गोंड,
बब्लू चौबे, विकास, रणजीत सिंह, सरबजीत सिंह, यशवंत गोंड, नन्हे खां,
ओमप्रकाश सिंह मुन्ना, अभिमन्यु सिंह, निर्भय सिंह, सुजीत सिंह शामिल रहे।
इस दौरान थानाध्यक्ष धीना लल्लन यादव एवं चौकी प्रभारी कमालपुर सहित भारी
पुलिस मौजूद रही।
वर्जन
‘भूपौली पंप कैनाल सोमवार की सुबह ही बंद कर
दिया गया था। यदि पंप कैनाल चालू रहता तो किसानों की और अधिक क्षति होती।
समय रहते उचित कदम उठाया गया। अजीत कुमार चौधरी, सहायक अभियंता भूपौली पंप
कैनाल चंदौली।