पीडीडीयू नगर-चहनियां मार्ग पर सड़क किनारे से नहीं हटाया गया बिजली का खंभा। संवाद
भीषण गर्मी और उमस के बीच अमड़ा विद्युत उपकेंद्र से संचालित सातों फीडरों पर बढ़े लोड ने बिजली व्यवस्था को प्रभावित कर दिया है। ओवरलोड, ट्रिपिंग और लो वोल्टेज की समस्या के कारण करीब 100 गांवों में रोस्टिंग के सहारे बिजली आपूर्ति की जा रही है। इससे आम उपभोक्ताओं के साथ किसानों की भी मुश्किलें बढ़ गई हैं। अमड़ा विद्युत उपकेंद्र से संचालित असना, ककरैत, ररुआ, धीना, जेवरियाबाद, डेढ़गांवा और विश्वबैंक फीडर के उपभोक्ता ओवरलोड, लो वोल्टेज, ट्रिपिंग, तार टूटने, इंसुलेटर जलने और जंपर उड़ने जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं।
इसके चलते घरेलू बिजली उपकरणों के साथ किसानों के सबमर्सिबल पंप भी नहीं चल पा रहे हैं, जिससे सिंचाई प्रभावित हो रही है। उमसभरी गर्मी में लगातार बाधित बिजली आपूर्ति ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है।
ग्रामीणों का कहना है कि बिजली संकट के कारण खेती और दैनिक जीवन दोनों प्रभावित हो रहे हैं। उनका आरोप है कि विभाग को समस्या की जानकारी होने के बावजूद स्थायी समाधान की दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।