सचित्र-पीडीडीयू नगर। प्रेम और उमंग का महोत्सव रंगोत्सव सोमवार को मस्ती के साथ मनाया गया। लोगों ने एक दूसरे को रंगों से नहलाया और गले लगाकर होली की बधाई दी। बिना किसी डर भय के लोग एक दूसरे के गले मिले। विभिन्न स्थानों पर डीजे बजाकर मस्ती की।
वैसे तो होली की मस्ती एक सप्ताह पहले ही शुरू हो गई थी। रविवार की रात होलिका दहन के साथ ही लोग पूरी तरह होली की मस्ती में आ गए। इस वर्ष कोरोना के प्रभाव और पर्यावरण संरक्षण को देखते हुए नगर के लाठ नंबर एक और पीपी सेंटर सहित अन्य स्थानों पर उपले की होलिका जलाई गई। लाठ नंबर एक में होलिका में कोरोना का चित्र भी बनाया गया और होलिका के साथ कोरोना का भी दहन किया गया। सोमवार की सुबह होलिका की राख शरीर पर लगाकर होली की शुरूआत हुई। युवकों ने टोली बनाई और होली खेलने निकल पड़े। युवाओं ने रेशमी बाल वाले बिग, चश्मा, मुखौटे आदि लगाए और नाचते गाते एक दूसरे को रंगों से नहलाया। नगर के काली महाल, रविनगर, कैलाशपुरी, नई बस्ती, शाहकुटी, अलीनगर के साथ विभिन्न रेलवे कॉलोनियों में युवाओं ने होली मिलन समारोह आयोजित किए। यहां युवाओं ने खूब ठुमके लगाए और एक दूसरे पर अबीर उड़ाए। महिलाओं ने भी पकवान तैयार करने के बाद खूब रंग खेला। शाम को स्नान ध्यान के बाद नए कपड़े पहन कर अबीर लेकर एक दूसरे के घर पहुंचे और अबीर लगाकर होली की बधाई दी। इस दौरान सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस गश्त करती रही और डीजे बजाने वालों को चेताया।
कंदवा।क्षेत्र में होली का पर्व सोमवार को आपसी प्रेम और सौहार्द के बीच पारंपरिक ढंग से मनाया गया। सुबह सवेरे से ही गांवों में लोग रंगों से सराबोर रहे।वहीं शाम में गांव के बच्चे,युवा, बुजुर्ग पारंपरिक परंपराओं को जीवंत करते हुए पारंपरिक होली गीतों पर झूमते रहे।कहीं कहीं पारंपरिक होली के रंगों से ज्यादा चुनावी रंगों से सराबोर प्रत्याशी समर्थक परंपराओं से इतर अपना प्रचार प्रसार करने में लगे हुए थे।
पीडीडीयू नगर। कोरोना के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर कुछ लोगों ने मास्क लगाकर होली खेली। नगर के वृंदावन कालोनी स्थित में अखिल भारतीय कायस्थ महसभा के राष्ट्रीय मंत्री शैलेन्द्र श्रीवास्तव ने पूरे परिवार संग सुरक्षा के बीच त्योहार मनाया। जब लोग एक दूसरे को रंग लगा रहे थे तो इनका पूरा परिवार मास्क लगाकर बैठा था और होली मिलने आने वालों को दूर से ही प्रणाम करते रहे। शैलेन्द्र श्रीवास्तव ने कहा कि कोरोना के बढ़ते प्रभाव से बचाव के लिए सुरक्षा नियमों का पालन जरूरी है।