चंदौली जिले के बलुआ थाना क्षेत्र के कटारूपुर गांव निवासी एक युवक ने बृहस्पतिवार को बलुआघाट गंंगा पर बने पक्के पुल से नदी में छलांग लगा दी। गंगा किनारे मौजूद मल्लाहों ने नदी में कूदकर उसे बाहर निकाला। गनीमत रही कि युवक की जान बच गई।
युवक ने बताया कि घर से किसी कार्य के लिए उसे 2100 रुपये मिले थे। रास्ते में जाते समय रुपये कहीं गिर जाने पर पिता ने डांट लगाई थी। इससे क्षुब्ध होकर उसने ऐसा कदम उठाया था। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस उसे थाने ले आई और पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया।
बलुआ थाना क्षेत्र के कटारूपुर गांव निवासी चंद्रजीत यादव ( 21) को उसके पिता पंकज यादव ने किसी कार्य से 21 सौ रुपये दिए थे। घर से निकलकर बाजार जाने के दौरान उसकी जेब से रुपये कहीं गिर गए। इसके बाद जब वह घर लौटा तो रुपये गिरने की जानकारी परिवार वालों को दी। इस पर पिता ने उसे डांट लगाई। इससे क्षुब्ध होकर चंद्रजीत यादव गंगा पर बने पक्के पुल पर गया और वहां से नदी में छलांग लगा दी।
नदी में गिरते ही वह छटपटाने लगा। इस दौरान वहीं नदी किनारे मौजूद मल्लाहों की नजर उस पर पड़ी। युवक को बचाने के लिए मल्लाह भी नदी में कूद पड़े और किसी प्रकार युवक को बचा लिया। इसके बाद उसे नदी के किनारे ले आए। इस दौरान किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। मौके पर पहुुंची पुलिस युवक को अपने साथ थाने ले आई। जहां आवश्यक पूछताछ के बाद युवक को छोड़ दिया।