एकीकृत बागवानी विकास मिशन के तहत आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रम के दूसरे दिन रविवार को जिले के सभी ब्लॉकों से आए करीब 175 किसानों को माधोपुर स्थित राजकीय संतति उद्यान के मिनी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का भ्रमण कराया गया। इस दौरान कृषि वैज्ञानिकों, क्षेत्र प्रभारी और जिला उद्यान अधिकारी ने हाईटेक उत्पादन तकनीकों की जानकारी दी।
कार्यक्रम के तहत किसानों को सीड उत्पादन यूनिट के बारे में भी बताया गया। जिला उद्यान अधिकारी ने कहा कि एकीकृत बागवानी विकास मिशन का उद्देश्य बागवानी उत्पादन को बढ़ावा देना, किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त करना और खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करना है। योजना के तहत फल, सब्जी, फूल और मसालों की खेती को प्रोत्साहन दिया जाता है। बागवानी के समग्र विकास के लिए उच्च गुणवत्ता वाले बीज व पौधे उपलब्ध कराना, नई तकनीक अपनाना और कटाई के बाद होने वाले नुकसान को कम करना प्रमुख लक्ष्य हैं।
इसके बाद किसानों ने इंडो-इजरायल के सहयोग से निर्मित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर वेजिटेबल का भी भ्रमण किया। इस मौके पर जिला उद्यान अधिकारी डॉ. शैलेंद्र देव दूबे, डॉ. शीतल वर्मा, योजना प्रभारी रवि जायसवाल, विकासखंड प्रभारी मूलचंद सहित मोहन, संतोष, मुस्तफा तथा किसानों में मुन्ना सिंह, शैलेंद्र पांडेय, नरेंद्र सिंह, दीनानाथ श्रीवास्तव, रमेश सिंह आदि मौजूद रहे।