किसानों की समस्याओं से संबंधित दस सूत्री मांगों के समर्थन में तहसील क्षेत्र के मनिहरा ड्रेन के समीप भारतीय किसान यूनियन का धरना दूसरे दिन शनिवार को भी जारी रहा। इस दौरान चेतावनी दी गई कि मांगें पूरी होने तक धरना जारी रहेगा। साथ ही दिनों-दिन विरोध प्रदर्शन उग्र किया जाएगा।
धरना सभा में किसान नेताओं ने कहा कि उकनीपाल राय, मनिहरा, पिपरी, महरखां, पख्खोपुर, महरौड़ा, साईं सराय पकवान, धनिका, बरईपुर, खर्रा, त्रिपाठ, बर्थराकला, लेहरा, सरेहुआं, नईकोट, अम्माचक, ताजपुर, जमुनीपुर, खरदीपुर, सकलडीहा सहित दर्जनों गांवों के किसानों को अब तक राहत चेक नहीं दिया गया है। तहसील प्रशासन द्वारा जानबूझ कर किसानों को परेशान किया जा रहा है। वहीं मनिहारा ड्रेन, नेवला ताल, बाणगंगा सहित अन्य ड्रेनों की वर्षोँं से साफ सफाई और मरम्मत नहीं हुई है। इसके कारण नहरों में घास फूस उग आए हैं और सिल्ट जमा है।
इससे टेल तक पानी नहीं पहुंच रहा है। नहर में पानी छोड़े जाने के बाद भी किसानों के खेत तक पानी नहीं पहुंच रहा है। वक्ताओं ने कहा कि तहसील कर्मचारी आवास से भारतीय किसान यूनियन कार्यालय होते हुए डोभाराम बाबा मंदिर तक मार्ग न होने से आवागमन में ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। इसको देखते हएु तत्काल मार्ग की मरम्मत कराई जाए। वक्ताओं ने कहा कि बरईपुर गांव में निर्मित एएनएम केन्द्र पर महिला चिकित्सक की तैनाती की जानी चाहिए। जिससे महिलाओं को समुचित रूप से स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सके। धरना प्रदर्शन में रामानन्द सिंह, जितेन्द्र प्रताप तिवारी, श्रवण कुमार, धर्मराज यादव, सिंटू यादव, प्रेमनारायण मौर्या, मनोज यादव, सूरज राम, सुल्तान अहमद, महेन्दर यादव, त्रिभुवन तिवारी, चन्द्रिका सिंह, विजेन्दर तिवारी, राधेश्याम यादव, राजेन्द्र यादव आदि उपस्थित रहे।