क्षेत्र में किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन के
कार्यकर्ताओं ने चिरईगांव स्थित राधा कृष्ण मंदिर परिसर में सोमवार को
अनिश्चितकालीन धरने की शुरुआत की।
इसके पूर्व किसान नेताओं ने
केंद्रीय गृह मंत्री और प्रदेश के सिंचाई मंत्री का पुतला फूंकने की कोशिश
की जिसे पुलिस ने समझा बुझाकर रोका।
इस दौरान कुछ देर के लिए लोगों ने
सैयदराजा-जमानियां मार्ग पर जाम भी लगाया। किसान अधिकारियों को मौके पर
बुलाने की मांग कर रहे थे।
साथ ही चेतावनी दी कि समस्याओं का समाधान होने
तक धरना जारी रहेगा।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत सोमवार की सुबह
दस बजे क्षेत्र के किसान चिरईगांव स्थित राधा कृष्ण मंदिर परिसर में एकत्र
हुए।
भाकियू वाराणसी मंडल के अध्यक्ष दीनानाथ श्रीवास्तव की अगुवाई में
किसानों ने धरने की शुरुआत की।
धरने के माध्यम से किसानों ने दस किलोमीटर
लंबे नौबतपुर-चिरईगांव संपर्क मार्ग की मरम्मत कराने, किसानों को बर्बाद
फसल का मुआवजा जल्द देने, रेरुआ लिफ्ट कैनाल के चार सौ केवीए के
ट्रांसफार्मर को बदलने की मांग की।
इस दौरान सभा में दीनानाथ
श्रीवास्तव ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार किसानों के प्रति संवेदनशील
नहीं है। यही कारण है कि क्षेत्र की समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा
है। मुआवजा राशि बांटने मे भी लापरवाही की जा रही है।
ट्रांसफार्मर की
खराबी की वजह से लिफ्ट कैनाल संचालित नहीं हो पा रहे हैं। अंत में किसानों
ने चेतावनी दी कि जब तक अधिकारी मौके पर पहुंच कर ठोस आश्वासन नहीं देते
हैं तब तक आंदोलन जारी रहेगा। इस अवसर पर हरवंश यादव, हृदयनारायन सेठ,
जमुना, बृजकिशोर, सुमंत सिंह अन्ना, मनमन सिंह, रमाशंकर सिंह, बैरिस्टर
यादव आदि रहे।
बब्बन सेठ, तारकेश्वर सिंह आदि उपस्थित रहे।
अध्यक्षता तारकेश्वर तिवारी ने और संचालन हरिद्वार तिवारी ने किया।