विभिन्न मांगों को लेकर क्षेत्र के नौरंगाबाद त्रिमुहानी पर चल रहा भारतीय
किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं का धरना गुरुवार को एक दिन के लिए स्थगित कर
दिया गया।
धरने की अध्यक्षता कर रहे किसान यूनियन के मंडल अध्यक्ष
दीनानाथ श्रीवास्तव ने बताया कि उपजिलाधिकारी सकलडीहा, अधिशासी अभियंता
बंधी प्रखंड और अधिशासी अभियंता लोकनिर्माम के धरनास्थल पर पहुंचकर सभी
मांगे मानने और जिलाधिकारी से वार्ता कराने के बाद धरना स्थगित किया गया
है। चेताया कि यदि शर्तों को नहीं माना जाता है तो धरना फिर शुरू होगा।
गौरतलब
है कि अपनी सात सूत्रीय मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले
किसानों का धरना पिछले पांच दिनों से चल रहा था। गुरुवार को उपजिलाधिकारी
सकलडीहा जितेंद्र मोहन सिंह, अधिशासी अभियंता बंधी प्रखंड एमके श्रीवास्तव
तथा एक्सीएन लोक निर्माण राजेश्वर सिंह व एई देवेश कुमार धरनास्थल पर
पहुंचे और किसानों की मांगे मानने का आश्वासन देकर धरना समाप्त करने का
आग्रह किया।
जिसपर किसानों ने धरना एक दिन के लिए स्थगित करने की घोषणा की।
इस अवसर पर राजेश्वर सिंह ने कहा कि नौरंगाबाद से धानापुर मार्ग की लंबाई
नौ किमी है। जिसके निर्माण की कुल लागत करीब पचास लाख रुपये आएगी। जिसके
लिए शासन से स्वीकृत कराना पड़ेगा। कहा कि नौरंगाबाद-धानापुर मार्ग पर
स्थित क्षतिग्रस्त पुलिया के निर्माम के लिए जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया
है।
वहीं अधिशासी अभियंता बंधी डिवीजन एसके श्रीवास्तव ने बताया कि किसी भी
ड्रेन की सफाई के लिए शासन से धन अवमुक्त नहीं किया गया है। यदि डीएम की
तरफ से धन मिलने की संस्तुति होती है तो कमालपुर के पास कूड़ा करकट से पटे
पड़े ड्रेन की सफाई आरंभ करा दी जाएगी।
उपजिलाधिकारी सकलडीहा जितेंद्र
मोहन सिंह ने कहा कि शुक्रवार को पांच किसानों का प्रतिनिधिमंडल
जिलाधिकारी से मिलकर समस्याओं से अवगत कराएगा। धरनास्थल पर दिनेश पाल,
राजेश्वर सिंह, उदयनाथ उपाध्याय, पप्पू उपाध्याय आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता
जयनाथ उपाध्याय और संचालन मनीष तिवारी ने किया।