क्षेत्र के डेढ़गावां गांव में तीन सूत्रीय मांगों को लेकर भारतीय किसान
यूनियन के बैनर तले दो जून से प्रारंभ किसानों का धरना अधिकारियों के
आश्वासन के बाद 11 वें दिन शुक्रवार को समाप्त हो गया।
जिला
प्रशासन की तरफ से पहुंचे कृषि, पीडब्ल्यूडी व सिंचाई विभाग के अधिकारियो
के आश्वासन के बाद धरने की अध्यक्षता कर रहे किसान नेता कन्हैया सिंह ने
किसानों से परामर्श कर धरने को समाप्त करने का फैसला किया।
धरनास्थल
पर शुक्रवार को जिला कृषि अधिकारी कमलजीत सिंह, सहायक अभियंता चंद्रप्रभा
केएन सिंह, सहायक अभियंता पीडब्ल्यूडी आरए रजक पहुंचे और किसानों से बातकर
धरना समाप्त करने का आग्रह किया।
इस अवसर पर सहायक अभियंता चंद्रप्रभा
केएन सिंह ने कहा कि किसान धान की खेती करें विभाग द्वारा अवश्य पानी
उपलब्ध कराया जाएगा। यदि प्रकृति ने साथ दिया तो किसानों को इस बार निराश
नहीं होना पडेगा। उन्होंने किसानों से धान की अग्रिम प्रजातियों की खेती
करने का आह्वान किया।
वहीं सहायक अभियंता आरए रजक ने कहा कि धीना-जमानियां
मार्ग में साढ़े नौ किमी निर्माण कार्य कराने के लिए शासन से 1 करोड़ 4
लाख 69 हजार रुपये अवमुक्त किए जा चुके हैं।
शीघ्र ही मार्ग का निर्माण
कार्य शुरू करा दिया जाएगा। वहीं जिला कृषि अधिकारी कमलजीत सिंह ने
किसानों की हर समस्या के निराकरण का आश्वासन दिया। इस अवसर पर रमेश सिंह,
संतविलास सिंह, रामइकबाल सिंह, रामेश्वर सिंह, रामजी सिंह, इमरान खां,
संतोष कुमार, वीरेंद्र सिंह, पवन कुमार आदि मौजूद रहे।