किसानों के विभिन्न मुद्दों पर सदर ब्लाक में सोमवार से पचास घंटे की जारी भूख हड़ताल मंगलवार को भी जारी रही। इस दौरान भाकपा माले कार्यकर्ताओं ने सरकार द्वारा किसानों की उपेक्षा पर नाराजगी जताई और शासन-प्रशासन को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि सरकार व प्रशासन की नीतियों व सुस्त कार्यप्रणाली से किसान परेशान हैं।
इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि रेलवे की फ्रेट कॉरिडोर परियोजना के लिए किए गए अधिग्रहण से कई जनपद के कई किसान परिवार भूमिहीन हो चुके हैं। ऐसे किसानों के पुनर्वास सहित अन्य सुविधाएं रेलवे द्वारा दी जानी चाहिए।
प्रभावित किसान परिवारों को अब तक उचित मुआवजा व सुविधाएं नहीं मिल सकी हैं। किसानों से जिस समझौते के आधार पर जमीन का अधिग्रहण किया गया। रेलवे अब उसका लाभ किसानों को देने से मुकर रही है। बेबस किसान अपना हक लोकतांत्रिक तरीके से मांग रहे हैं, लेकिन प्रशासनिक अमला मांगों को उपेक्षित कर रहा है। कहा कि विकास के नाम पर सरकारें किसानों की कृषि योग्य भूमि अधिग्रहीत करती है तो उसकी जिम्मेदारी बनती है कि प्रभावित किसान परिवारों के रोजी-रोटी का प्रबंधक करे ।
वक्ताओं ने मौके पर किसी भी सक्षम अधिकारी के नहीं पहुंचने पर नाराजगी व्यक्त की। गौरतलब है कि छितो गांव में किसानों की समस्याओं को लेकर 140 दिन से धरना चल रहा है।इस मौके पर अनिल पासवान, दिनेश सिंह, किस्मत यादव, शशिकांत सिंह, राहुल सिंह, श्यामबली राम, बचनू राम, अमरनाथ राय, सेमर राय आदि उपस्थित रहे। संचालन संजय यादव ने किया।