जिले में अलविदा की नमाज शुक्रवार को पूरे अकीदत के साथ अदा की गई। इस दौरान मुस्लिम बंधुओं ने देश में अमन चैन और खुशहाली की दुआ मांगी। नमाज को लेकर मुस्लिम बंधुओं में उत्साह रहा। शासन के आदेश पर मस्जिद के अंदर ही नमाज अदा की गई। इस दौरान मस्जिदों के आस पास सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। जिले में शनिवार को ईद उल फितर का त्योहार मनाया जाएगा। नमाज के बाद इसके लिए खरीदारी तेज हो गई।
नगर के जीटी रोड स्थित जामा मस्जिद में अलविदा की नमाज को लेकर तैयारियां शुरू हो गई थी। दोपहर 2 बजे से ही लोग मस्जिद में पहुंचने लगे थे। प्रशासन ने सड़क पर नमाज अदा करने पर रोक लगाई थी। ऐसे में लोगों में मस्जिद में ही अकीदत के साथ नमाज अदा की। नमाज अदा करने के बाद मुस्लिम बंधुओं से एक दूसरे से मिलकर ईद की आगामी मुबारकबाद दी। वहीं चुनावी तैयारी में जुटे राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों ने जामा मस्जिद के समीप पहुंच कर मुस्लिम समाज के लोगों को मुबारकवाद दी। इसी तरह कसाब महाल मीनारा मस्जिद, प्लांट डिपो, चंदासी, सिकटिया, चंदासी, हिनौली, पथरा, सहजौर, मिल्कीपुर, गोपालपुर, हमीदपुर, सेमरा, कटेसर, नाथूपुर, जलीलपुर, मढि़या, बहादुरपुर, मलोखर, दुलहीपुर, सतपोखरी सहित विभिन्न स्थानों पर अलविदा की नमाज अदा की गई। इस दौरान मस्जिदों के समीप सुरक्षा के इंतजाम रहे। धानापुर संवाददाता के अनुसार रमजान के आखरी जुमा अलविदा की नमाज क्षेत्र के सभी मस्जिदों में अकीदत के साथ पढ़ी गई। इसमें सभी लोगों ने देश में अमन चैन की दुआ मांगी। कस्बा स्थित जामा मस्जिद में इमाम मौलाना सकील अहमद मदनी ने अपने तकरीर में कहा की रमजान का आखरी जुमा है। मुकद्दस व बरकतों वाला महीना रमजान अब हम लोगों से जुदा हो रहा है। नमाज के बाद ईद के नमाज का समय तय किया गया। इसमें धानापुर ईदगाह में 7.30 बजे मौलाना सकील अहमद मदनी, कस्बा स्थित धाना शहीद मस्जिद में 7.45 बजे हाफिज हेदायतुल इस्लाम, धराव ईदगाह में 7.15 बजे मौलाना वसीम अहमद, प्रसहटा में 7.15 बजे हाफिज फरीद, रामपुर दीया में 8 बजे हाफिज लियाकत अली द्वारा नमाज पढ़ाई जाएगी।
इनसेट-
चंदौली जामा मस्जिद में अकीदत के साथ पढ़ी गई अलविदा की नमाज
संवाद न्यूज एजेंसी
चंदौली। इबादत, बरकत व मगफिरत को अपने आप में समेटे माह-ए-रमजान विदा हो रहा है। इस कड़ी में शुक्रवार को अलवेदा की नमाज जनपद में शांति-सद्भाव व पूरी अकीदत के साथ अदा की गयी। इस दौरान मुस्लिम बंधुओं ने अपने पास-पड़ोस के मस्जिदों में अलविदा की नमाज अदा की और देश में अमन-चैन के लिए दुआ की। इसके साथ ही मुस्लिम बंधुओं में ईद-उल-फित्र त्यौहार को लेकर में खुशियां व उत्साह दिखा। चंदौली जिला मुख्यालय स्थित जामा एवं शाही मस्जिद में अलविदा की नमाज अदा की गई। इस दौरान शाही मस्जिद में तकरीर करते हुए मौलाना इलियास ने कहा कि ईद की नमाज से पहले फितरे की पैसा हर हाल में अदा कर दें, क्योंकि फितरा का पैसा अदा किए बिना आपके रोजे कबूल नहीं होंगे। बताया कि अबकी बार चंदौली ईदगाह व चंदौली जामा मस्जिद में ईद की नमाज सुबह 07.30 बजे अदा की जाएगी। लिहाजा सभी मुस्लिम बंधु तय समय से पहले ईदगाह में उपस्थित होकर ईद की नमाज को अदा करें।
02. ईद उल फितर आज, बाजार में खरीदारी को उमड़े खरीदार
संवाद न्यूज एजेंसी
सचित्र- 12 और 16 पीडीडीयू नगर। माह-ए-रमजान के मुकम्मल होने का इनाम ईद उल फितर शनिवार को मनाई जाएगी। चांद दिखने के बाद शुक्रवार को समाज के लोग तैयारियों में जुट गए। शुक्रवार की शाम इफ्तार के बाद लोगों ने एक दूसरे को मुबारकबाद दी। वहीं ईद की पूर्व संध्या पर बाजार पूरी तरह गुलजार रहे। एक ओर जहां लोग कपड़े व जूते-चप्पल की दुकानों पर डंटे रहे, वहीं सेवई व अन्य लजीज व्यंजन तैयार करने के लिए सामान की खरीदारी की। वहीं जगह जगह मस्जिदों और ईदगाहों में साफ सफाई की गई।
इस वर्ष 24 मार्च से माह एक रमजान की शुरुआत हुई थी। तीस रमजान के बाद शनिवार को ईद उल फितर मनाई जाएगी। लोग सुबह ईदगार और मस्जिदों में नमाज अदा करेंगे। इस मौके पर ईदगाह के पास मेला भी लगेगा। इसको लेकर शुक्रवार को ही तैयारियां पूरी की गई। नगर के शाहकुटी ईदगाह के साथ मस्जिदों के आस पास साफ सफाई की गई। नगर के जीटी रोड स्थित जामा मस्जिद, अलीनगर जामा मस्जिद, कसाब महाल, न्यू महाल, सिकटिया सहित अन्य मुस्लिम बहुल इलाकों म ें मस्जिदों में ईद के नमाज की तैयारी की गई। वहीं शुक्रवार को ईद की पूर्व संध्या पर बाजार चहल पहल रही विशेष कर जीटी रोड पर सेवई की दुकानों पर भी रही। इसके साथ ही जीटी रोड स्थित विभिन्न मॉल में नए परिधान, चप्पल आदि की खरीदारी के लिए लोग जुटे।