चंदौली। स्ट्राबेरी, ड्रैगन फ्रूट और अन्य फसलों की खेती को बढ़ावा दे रहे ग्राम पंचायत मानिकपुर के प्रगतिशील कृषकों के खेत पर शुक्रवार को डीएम निखिल टीकाराम फुंडे ने निरीक्षण किया। साथ ही पैदावार व नई तकनीक से हो रही खेती की विविधता को देखा।
डीएम ने बताया कि जनपद के प्रगतिशील कृषक सुनील कुमार मौर्य व अनिल मौर्य के यहां स्ट्राबेरी, मक्का, टमाटर, शिमला मिर्च, तरबूज एवं अन्य सब्जियों की खेती को जनपद में बढ़ावा देकर अपनी आय को दोगुनी किया जा रहा। जनपद के अन्य किसानों को भी इस प्रकार की खेती करने के लिए प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जिससे पारंपरिक खेती से अलग हटकर किसान व्यावसायिक खेती करें। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग व उद्यान विभाग के वैज्ञानिकों के माध्यम से प्रगतिशील किसानों को खेती की विविधता के बारे जानकारी दी जाएगी। इस मौके पर सीडीओ एसएन श्रीवास्तव, जिला उद्यान अधिकारी अलका श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।