सैयदराजा। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर स्थित एक रेस्टोरेंट के बाहर बृहस्पतिवार को बदमाशों कार का शीशा तोड़कर दो बैग, करीब 20 हजार रुपये और मोबाइल फोन उड़ा दिया। घटना के समय कार सवार रेस्टोरेंट में नाश्ता कर रहे थे। महज कुछ मिनटों में बदमाश वारदात को अंजाम देकर भाग गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
बिहार निवासी रजनीश कुमार सिंह अपने परिवार के साथ कार से विंध्याचल दर्शन करने जा रहे थे। सवैया स्थित एनएच-19 के किनारे एक रेस्टोरेंट पर चाय-नाश्ता करने के लिए वह रुके। परिवार के सभी सदस्य कार लॉक कर रेस्टोरेंट के अंदर चले गए। इसी दौरान बदमाशो ने कार का शीशा तोड़ दिया और अंदर रखे दो बैग, लगभग 20 हजार रुपये और मोबाइल फोन उठा ले गए।
कुछ देर बाद जब परिवार लौटा तो कार का शीशा टूटा देखकर होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सैयदराजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें दो संदिग्ध युवक चोरी की वारदात को अंजाम देते दिखे। प्राथमिकी दर्ज करने के बाद दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। सैयदराजा थाना प्रभारी संतोष कुमार तिवारी ने बताया की पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।