संविधान दिवस पर शनिवार को जनपद में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान राजनीतिक दलों से लेकर सरकारी, अर्द्ध सरकारी कार्यालयों में बैठक व गोष्ठियों का आयोजन किया गया, जिसमें वक्ताओं ने अपने देश के संविधान के निर्माण और उसके निर्माण में सहयोग देने वाले महापुरुषों के व्यक्तित्व व कृतित्व पर प्रकाश डाला। साथ ही संकल्प लिया कि वे संविधान में उल्लिखित नियमों का पालन करेंगे। सदर तहसील परिसर में सिविल बार एसोसिएशन की ओर से बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा-सुमन अर्पित किया गया।
इस अवसर पर बसपा जिलाध्यक्ष घनश्याम प्रधान ने कहा कि देश के सर्वांगीण विकास के लिए संविधान का पालन होना बहुत जरूरी है। संचालन राजू राम ने किया। वहीं सदर तहसील सभागार में सिविल बार एसोसिएशन की ओर से गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस मौके पर अंबेडकर के योगदान को अधिवक्ताओं ने याद किया। वक्ताओं ने कहा कि संविधान में तमाम मौलिक अधिकार दिए गए हैं, जिसका पालन कर देश की संप्रभुता को बचाया जाना बहुत जरूरी है। कानून का पालन सभी को करना चाहिए। इस अवसर पर रणधीर सिंह, अजय कुमार, गोकुल प्रसाद, धर्मेन्द्र सिंह, राजेश मिश्रा, राकेश रत्न तिवारी, निशात अख्तर आदि उपस्थित रहे। अध्यक्षता मुरलीधर सिंह व संचालन रामजन्म बागी ने किया। इसी कड़ी में समाज कल्याण विभाग में संविधान दिवस मनाया गया। इस दौरान कर्मचारियों ने देश के लोगों में बंधुता को बढ़ाने के लिए दृढ़ संकल्प के साथ मौलिक अधिकारों व कर्तव्यों के लिए जागरूक होकर कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उधर बसपा कार्यालय पर भी संविधान दिवस धूमधाम के साथ मनाया गया।