ज्ञानपुर। कला, शिक्षा या खेल, संस्कृति एवं साहित्य आदि क्षेत्रों में अगर आपने बेहतर योगदान किया है तो पुरस्कार के हकदार हो सकते हैं। सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यों में उत्कृष्ट योगदान करने वाले विभूतियों को शासन की ओर से सम्मानित किया जाएगा। उनकी मेहनत का सम्मान करने के लिए शासन ने राज्य स्तरीय उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान योजना 2025-26 की शुरुआत की है। संस्कृत निदेशालय उत्तर प्रदेश के अंतर्गत संचालित योजना के तहत ऑनलाइन प्रस्ताव की मांग की गई है। यदि मानक पर खरे उतरे तो पुरस्कार दिया जाएगा। जिला सूचना अधिकारी डाॅ. पंकज कुमार ने बताया कि सराहनीय कार्य करने वाले युवाओं द्वारा निर्धारित प्रारूप पर कार्य का साक्ष्य सहित प्रस्ताव आवेदन 10 अक्तूबर तक उपलब्ध कराना है। बताया कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभूतियों के आवेदन प्रस्ताव को जिलाधिकारी के अनुमोदन से संस्कृत निदेशालय लखनऊ को उपलब्ध कराया जाएगा। जहां मूल्यांकन के पश्चात मानक पर खरे उतरने वाले युवाओं को पुरस्कृत किया जाएगा। उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान के तहत शिक्षा, संस्कृति के साथ खेल, साहित्य, विज्ञान, समाजसेवा, कृषि, उद्यमिता से लेकर विविध क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्यों पर पुरस्कृत करने की योजना है। पुरस्कार के लिए ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।