चंदौली। जिले के राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में शुक्रवार को कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों की यूनिट टेस्ट परीक्षा होगी। इसमें 24 राजकीय विद्यालयों के 5392 विद्यार्थी शामिल होंगे। परीक्षा सुबह 10 से 11:30 बजे तक चलेगी। डीआईओएस धर्मेंद्र कुमार ने प्रधानाचार्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
विज्ञापन
समग्र शिक्षा माध्यमिक के निर्देशों के अनुसार, परीक्षा ओएमआर शीट के माध्यम से कराई जाएगी। प्रत्येक कक्षा के लिए अलग-अलग प्रश्नपत्र तैयार किए गए हैं। इसमें 75 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे, प्रत्येक विषय से 15 प्रश्न पूछे जाएंगे। कक्षा 9 और 10 के लिए सामान्य विषयों पर आधारित प्रश्नपत्र होंगे। कक्षा 11 और 12 में विज्ञान, कला और वाणिज्य वर्ग के अनुसार प्रश्नपत्र निर्धारित किए गए हैं। विद्यार्थियों को ओएमआर शीट भरने के लिए केवल काले पेन का प्रयोग करना होगा। परीक्षा के बाद ओएमआर शीट स्कैन कर ऑनलाइन अपलोड की जाएगी। संवाद