वाहन स्टैंड बना फोरलेन के किनारे निर्मित फुटपाथ रूपी नाला। संवाद
पीडीडीयू नगर। पड़ाव चौराहे से गोधना मोड़ तक बने फोरलेन के किनारे पैदल राहगीरों की सुविधा के लिए बनाया गया ढाई मीटर चौड़ा नाला अतिक्रमण की चपेट में है। कहीं ठेले-खोमचे लगाकर दुकानें सजा ली गई हैं तो कहीं निजी और व्यावसायिक वाहन खड़े किए जा रहे हैं।
ऐसे में नाले के ऊपर टाइल्स लगाकर फुटपाथ विकसित करने की योजना पर अतिक्रमण भारी पड़ रहा है। पैदल चलने वालों को मजबूरन सड़क पर आवागमन करना पड़ रहा है। पड़ाव से गोधना मोड़ तक 15 किमी लंबे मार्ग पर सिक्सलेन और फोरलेन का निर्माण हो गया है।
इसके तहत सिक्सलेन के किनारे तीन मीटर और फोरलेन के किनारे ढाई मीटर चौड़ा नाला बनाया गया है। नगर क्षेत्र में नाले के ऊपर टाइल्स लगाकर फुटपाथ तैयार करने की योजना है, इससे राहगीरों को सड़क पर चलने की मजबूरी से निजात मिल सके।
लेकिन अतिक्रमण से उद्देश्य पूरा होता नहीं दिख रहा है। नगर में कई स्थानों पर नाले पर ठेले-खोमचे वालों ने कब्जा जमा लिया है। वहीं, कोतवाली के ठीक बगल में भी छोटे कॅरिअर वाहन खड़े किए जा रहे हैं। इससे पैदल राहगीरों के लिए रास्ता बाधित हो रहा है।