फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सिंचाई मंत्री के निर्देश के बाद भी टेल के खेतों तक नहीं पहुंचा पानी

विज्ञापन
विज्ञापन
पीडीडीयू नगर/कंदवा। चंदौली में तीन सितंबर को पंप कैनालों का निरीक्षण करने प्रदेश के सिंचाई मंत्री स्वतंत्र देव सिंह आए थे। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को टेल के खेतों तक पानी पहुंचाने का निर्देश दिया था। सिंचाई मंत्री के निर्देश के बाद भी टेल के खेतों तक पानी नहीं पहुंचा है। जिससे सिंचाई में दिक्कत आ रही है।
विज्ञापन

जिले के नरवन क्षेत्र में टेल के किसानों की सिंचाई समस्या को दूर करने के लिए करीब 80 करोड़ रुपये की लागत से बने न्यू चारी व न्यू अदसड़ लिफ्ट कैनाल चार वर्ष बाद भी पूरी क्षमता से नहीं चल पा रहे हैं। कई बार टेस्टिंग के बावजूद लिफ्ट कैनालों का लाभ हेड के मात्र चार गांवों के किसानों को मिल पा रहा है। तीन सितंबर को चारी लिफ्ट कैनाल पर पहुंचे प्रदेश के सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से लिफ्ट कैनाल की लागत और क्षमता की जानकारी लेने के बाद सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता प्रदीप झा से पूछा था कि इस लिफ्ट कैनाल से कितने गांव सिंचित होते हैं। मुख्य अभियंता ने बताया कि कैनाल की करीब 300 हेक्टेयर भूमि सिंचित करने की क्षमता है। वहीं किसानों ने शिकायत करते हुए कहा था कि लिफ्ट कैनाल का पानी टेल के खेतों तक नहीं पहुंच पा रहा है जिससे अभी भी भूमि असिंचित पड़ी है। इस पर प्रभारी मंत्री ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा था कि कैनाल के संचालन के लिए हर हाल में कर्मचारी 24 घंटे तैनात रहें। लेकिन मंत्री के निर्देश के बाद भी टेल तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है।
इनसेट......
300 की जगह मात्र चार गांवों तक पहुंच रहा पानी
क्षेत्र के चारी और अदसड़ पंप कैनाल का लाभ केवल परसिया, बरहनी, अदसड़ और बसंतपुर चार गांव के किसानों को मिल पा रहा है जबकि लिफ्ट कैनालों से करीब 300 गांवों के किसानों को लाभान्वित करना था। दोनों लिफ्ट कैनाल टेस्टिंग में 10 बार फेल हो चुके हैं। सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू की पहल पर वर्ष 2016 में चारी और अदसड़ में कर्मनाशा नदी पर 50-50 क्यूसेक क्षमता की न्यू चारी व न्यू अदसड़ लिफ्ट कैनाल परियोजना की स्वीकृति मिली थी। लिफ्ट कैनालों के सभी कार्य वर्ष 2018 तक पूरे कर लिए जाने थे लेकिन चार वर्ष बीतने के बाद भी कैनालों का लाभ किसानों को नहीं मिल रहा है। अंडर ग्राउंड पाइप का नौ बार फटना पाइप की क्वालिटी पर भी सवालिया निशान लगा रहा है।संवाद
विज्ञापन

न्यू चारी और न्यू अदसड़ लिफ्ट कैनाल चार वर्ष बाद भी चालू नहीं हो सके हैं। इन लिफ्ट कैनालों के चालू हो जाने से नरवन क्षेत्र के किसानों को खेतों की सिंचाई में काफी राहत मिलती। राम अधीन सिंह, असना।
विभागीय अधिकारियों ने लिफ्ट कैनाल को चालू कराने का वादा किया था लेकिन चार वर्ष बाद भी लिफ्ट कैनाल चालू नहीं हो सके हैं। यह कार्य में भारी अनियमितता की ओर इशारा कर रहा है। दशरथ सिंह, गौवाचावर।
करीब 80 करोड़ रुपये खर्च करने के बाद भी आज तक इसका लाभ किसानों नहीं मिल रहा है। इसकी उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। किसी भी दल का नेता इसके लिए आगे नहीं आया है। रमेश राय, पई।
चार वर्ष बाद भी पंप कैनालों का संचालन न होना कभी भी चुनावी मुद्दा नहीं बना है। सिंचाई के लिए परेशान किसानों की जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों को कोई चिंता नहीं हैं। केदार सिंह, पिपरदहा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें