पीडीडीयू नगर। बोर्ड परीक्षा की कॉपियों के मूल्यांकन पर एलआईयू की भी नजर रहेगी। इसके लिए मूल्यांकन केंद्र के बाहर टीम मौजूद रहेगी। गोपनीय तरीके से आने-जाने वाले लोगों पर नजर बनाए रखेगी। उधर, प्रशासन की ओर से स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।
जिले में महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज चंदौली, नगर पालिका इंटर कॉलेज पीडीडीयू नगर और आदित्य नारायण राजकीय इंटर कॉलेज चकिया को मूल्यांकन केंद्र बनाया गया है। डीआईओएस व मुख्य नियंत्रक दलसिंगार यादव ने बताया कि कॉपियों के मूल्यांकन की व्यवस्था के लिए तीन केंद्र बनाए गए हैं। सभी केंद्रों पर विद्यालय के प्रधानाचार्य ही उपनियंत्रक होंगे। इसके साथ ही तीन स्टेटिक मजिस्ट्रेट और एक पर्यवेक्षक की भी तैनाती की गई है। मूल्यांकन कार्य पूरी तरह से सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में की जाएगी। इसके लिए महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज परिसर में कंट्रोल रूम बनाया गया। यहां से लगातार निगरानी की जाएगी। मूल्यांकन 19 मार्च से शुरू होकर दो अप्रैल को समाप्त होगा। इसके लिए 18 मार्च को जिले के सभी तीन केंद्रों पर प्रशिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।