चंदौली। यूपी बोर्ड की परीक्षाओं का अंतिम दौर चल रहा है। परीक्षाओं के बाद मूल्यांकन के लिए जनपद में विभाग की ओर से तीन केंद्र बनाए गए हैं। जहां बाहर से आईं उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जाएगा। इसे लेकर तैयारियां पूरी की जा रही है, मूल्यांकन 16 मार्च से शुरू होने की संभावना है।
माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से यूपी बोर्ड के उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य 16 मार्च से शुरू होने की उम्मीद है। इसके लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से तैयारी शुरू कर दी गई है। जनपद में तीन मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं। इसमें प्रमुख रूप से आदित्य नारायण इंटर कॉलेज चकिया, महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज चंदौली और नगर पालिका इंटर कॉलेज मुगलसराय शामिल है। मूल्यांकन केंद्रों पर उत्तर पुस्तिकाओं के रखने की विशेष व्यवस्था की गई है। विभाग की ओर से विषय विशेषज्ञों को चिह्नित किया जा रहा है। पिछले वर्ष लगभग 1000 परीक्षकों के तैनाती की गई थी, लेकिन इस वर्ष भी उत्तर पुस्तिकाओं के आधार पर परीक्षकों की तैनाती जल्द की जाएगी।
उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की तैयारी विभाग की ओर से पूरी कर ली गई है। 16 मार्च से मूल्यांकन शुरू होने की संभावना है। जैसे ही उत्तर पुस्तिकाएं केंद्र पर आ जाएंगी वैसे ही मूल्यांकन आरंभ करा दिया जाएगा। । जय प्रकाश, जिला विद्यालय निरीक्षक चंदौली।