पीडीडीयू नगर। आदिदेव शिव और शक्ति की प्रतीक पार्वती के के विवाह का पर्व महाशिवरात्रि आठ मार्च का मनाई जाएगी। इसकी तैयारी तेजी से चल रही है। कहीं एक दिवसीय तो कहीं दो और कहीं तीन दिवसीय मेला लगेगा। पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर के आरपीएफ कॉलोनी स्थित दीनदयालेश्वर महादेव मंदिर से हाथी घोड़े के साथ भव्य शिव बारात निकाली जाएगी। इस मौके पर यहां मेला भी लगेगा। इसकी तैयारियां तेजी से चल रही है।
नगर के आरपीएफ कॉलोनी में शिव मंदिर पर महाशिवरात्रि की पूर्व संध्या पर चौबीस घंटे का हरिकीर्तन किया जाएगा। वहीं महाशिवरात्रि पर मंदिर के समीप भव्य मेला लगेगा। वहीं देापहर में हाथी घोड़ा ढोल नगाड़ों के साथ शिव बारात निकाली जाएगी। बारात का मुख्य आकर्षण भगवान शिव, माता पार्वती, हनुमान, प्रथम पूज्य गणेश सहित देवी देवताओं के साथ भूत पिशाच की झांकी रहेगी। महाशिवरात्रि के मद्देनजर मंदिर की साफ सफाई और रंग रोगन पूरा किया जा चुका है।
इसी तरह नगर के कैलाशपुरी, रेलवे के डीजल कॉलोनी, मानसनगर सहित विभिन्न शिव मंदिरों पर भी महाशिवरात्रि की तैयारियां तेज है। इसी तरह नियामताबाद के बिलारीडीह में दो दिवसीय मेला लगेगा। जबकि सकलडीहा में तीन दिवसीय मेला लगेगा। रेलवे लाइन के किनारे कालेश्वरनाथ धाम होने के कारण पीडीडीयू जीआरपी की विशेष टीम यहां सुरक्षा के लिए लगाई जाएगी। प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि तीन दिनों तक यहां सुरक्षा के इंतजाम किए जाएंगे।