पीडीडीयू नगर। नगर पालिका इंटर कॉलेज में 11वीं कक्षा में प्रवेश के लिए मंगलवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। 300 सीट के लिए 467 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। इसमें 417 अभ्यर्थी प्रवेश परीक्षा में शामिल हुए और 50 अनुपस्थित रहे।
प्रतिभागी मंगलवार को सुबह से ही कॉलेज में पहुंचने लगे। परीक्षा सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में हुई। प्रधानाचार्य राजीव सिंह ने बताया कि कक्षा 11 में प्रवेश के लिए प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया गया। प्रवेश के लिए कुल 467 बच्चों ने फॉर्म भरा था। इसमें विज्ञान वर्ग में प्रवेश के लिए 258 अभ्यर्थियों ने फार्म भरा था और परीक्षा में 230 उपस्थित रहे, जबकि 28 अनुपस्थित रहे। कला वर्ग में प्रवेश के लिए पंजीकृत 237 अभ्यर्थियों में से 220 उपस्थित और 17 अनुपस्थित रहे। वाणिज्य वर्ग में प्रवेश के लिए पंजीकृत 17 अभ्यर्थियों में से 12 उपस्थित और पांच अनुपस्थित रहे।