शासन के निर्देश पर क्षेत्र के गांवसभा के तालाबों व पोखरों पर किए गए अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जा रहा है। इस क्रम में एसडीएम अजय कुमार मिश्रा सोमवार को राजस्व विभाग की टीम के साथ जमुरखा गांव पहुंचे। यहां उन्होंने गांव के तालाब की भूमि पर किया गया अतिक्रमण जेसीबी से हटवा दिया।
तालाबों को मूल स्वरूप प्रदान करने और गांवों में खेल मैदान बनाने को लेकर राजस्व विभाग को तालाबों और खेल मैदानों का सीमांकन कर चिह्नित करने का निर्देश दिया गया है। जिलाधिकारी संजीव सिंह के निर्देशन पर अभियान के तहत उपजिलाधिकारी ने राजस्व टीम के साथ जमुरखा गांव में तालाब पर किया गया अतिक्रमण ढहवा दिया। साथ ही अतिक्रमण हटवाने के बाद मनरेगा के तहत तालाब के सुंदरीकरण के लिए ग्रामसभा को निर्देशित किया। एसडीएम ने बताया कि गांवसभा के तालाबों को चिह्नित कर अतिक्रमण हर हाल में हटवाया जाएगा। इसके लिए राजस्व विभाग के कर्मियों को निर्देशित कर दिया गया है। कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार डा नीरज चतुर्वेदी, सुभाष, अवधेश सहित अन्य राजस्व कर्मी रहे।