कंदवा। क्षेत्र के अमड़ा स्थित विद्युत उपकेंद्र से संचालित ररुआ फीडर का केबल जलने से उपभोक्ताओं को 48 घंटों से बिजली कटौती का दंश झेलना पड़ रहा है। बिजली के अभाव में विद्युत संचालित उपकरण शोपीस बन गए हैं। वहीं किसानों की सिंचाई व्यवस्था भी ठप हो गई है। इससे लोगों में रोष है।
अमड़ा विद्युत उपकेंद्र के ररुआ फीडर से क्षेत्र के एक दर्जन से ज्यादा गांवों की विद्युत आपूर्ति होती है। सोमवार की देर शाम फीडर का विद्युत केबल जल जाने से आपूर्ति ठप हो गई। इससे फीडर पर आधारित एक दर्जन से ज्यादा गांवों के उपभोक्ताओं को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली न रहने से जहां लोग पानी के लिए तरस गए वहीं किसानों का सिंचाई कार्य बाधित हो गया। बुधवार को वाराणसी से विद्युतकर्मियों द्वारा खराबी को दूर करने का प्रयास शुरू किया लेकिन बुधवार की देर शाम तक विद्युत व्यवस्था बहाल नहीं हो पाई थी। इस संबंध में अमड़ा विद्युत उपकेंद्र के जेई अजय कुमार ने बताया कि रात तक विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।