पीडीडीयू नगर। साहूपुरी स्थित बिजली उपकेंद्र पर दो सौ करोड़ की लागत से नया गैस आधारित बिजलीघर बनाया गया है। सब स्टेशन पर लगे ट्रांसफार्मरों को चार्ज करने का कार्य पूरा कर लिया गया है लेकिन स्ट्रीटिंग का कार्य पूरा न होने से आपूर्ति शुरू नहीं हो पाई है। उपकेंद्र से विगत अक्तूबर माह से ही बिजली आपूर्ति शुरू कर दी जानी थी लेकिन कार्य में विलंब के कारण अब अधिकारी आगामी जनवरी माह से आपूर्ति शुरू करने की बात कह रहे हैं। वर्तमान में मिर्जापुर जिले के जमालपुर में स्ट्रीटिंग (तारों को जोड़ने का) कार्य चल रहा है।
नए बिजलीघर से चंदौली सहित वाराणसी, गाजीपुर, मीरजापुर, भदोही व जौनपुर जिले को बिजली की आपूर्ति की जानी है। करीब तीन वर्ष में इस गैस आधारित बिजलीघर का निर्माण पूरा किया गया है। उपकेंद्र में 400 केवीए जीआईएस उपकेंद्र की क्षमता बढ़ाने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। वर्तमान में उपकेंद्र पर लगे ट्रांसफार्मरों को चार्ज कर कागजी कार्यवाही पूरी की जा चुकी है। उपकेंद्र पर गुजरात के वडोदरा से आए 500-500 एमवीए के दो नए ट्रांसफार्मर को चार्ज किया जा चुका है। वहीं अभी तारों को जोड़ने और 400 किलोवाॅट जीआईएस में स्ट्रीटिंग का कार्य चल रहा है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि बारिश और उसके बाद धान की कटाई के कारण कार्य में कुछ विलंब हुआ है। आगामी जनवरी माह तक उपकेंद्र से बिजली का उत्पादन व वितरण आरंभ कर दिया जाएगा।
नए बिजलीघर से जुड़े सभी निर्माण कार्य पूरे कर लिए गए हैं। ट्रांसफार्मरों को चार्ज करने के साथ कागजी कार्यवाही भी पूरी की जा चुकी है। स्ट्रीटिंग का कार्य पूरा कर जनवरी माह तक उत्पादन व वितरण आरंभ कर दिया जाएगा। आरके उपाध्याय, एक्सईएन, साहूपुरी उपकेंद्र।